Latest News

अधारताल में गुंडों का आतंक: शराब और पैसों की मांग पूरी न होने पर तीन लोगों पर जानलेवा हमले, चाकू, बका और बेसबॉल से किया वार

अधारताल में गुंडों का आतंक: शराब और पैसों की मांग पूरी न होने पर तीन लोगों पर जानलेवा हमले, चाकू, बका और बेसबॉल से किया वार

जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में एक ही दिन में हुई तीन अलग-अलग हिंसक घटनाओं ने इलाके में दहशत फैला दी है। शराब पीने और त्योहार खर्च के नाम पर पैसे मांगने वाले आरोपियों ने पैसे नहीं मिलने पर तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। किसी पर चाकू से हमला किया गया तो किसी पर बका और बेसबॉल बैट से वार किया गया। तीनों मामलों में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पहला मामला बजरंगबाड़ा कटरा अधारताल का है। सब्जी विक्रेता जितेन्द्र साहू उम्र 37 वर्ष ने थाना अधारताल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 मई की सुबह लगभग 10:30 बजे वह अपने साथी अनिल विश्वकर्मा के साथ सुहागी हनुमान मंदिर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह एग्रीकल्चर गेट के सामने पहुंचा, तभी शिव शंकर प्रताप सिंह ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और चाकू से हमला कर जितेन्द्र साहू की बाईं जांघ में चोट पहुंचा दी। इतना ही नहीं आरोपी ने पत्थर फेंककर हमला किया जिससे उसके हाथ में भी चोट आई। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में धारा 296, 115(2), 118(1), 119(1), 351(2), 125 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

दूसरी घटना संजयनगर अधारताल की है। अमित केवट उम्र 26 वर्ष अपने घर के बाहर बैठा था, तभी उसका जीजा जितेन्द्र केवट वहां पहुंचा और उसकी बहन की दूसरी शादी को लेकर विवाद करने लगा। गाली-गलौज के बाद आरोपी ने शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर बका से हमला कर दिया। हमले में अमित के सिर और कंधे में चोटें आईं। परिजनों के बीच-बचाव के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। इस मामले में पुलिस ने धारा 296, 115(2), 118(1), 119(1), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

तीसरी घटना नेता कॉलोनी भट्टा क्षेत्र की है। शाहिद मंसूरी उम्र 30 वर्ष, जो ऑटो चालक है, शाम करीब 7:30 बजे वहां खड़ा था। तभी उसका परिचित इरशाद उर्फ दुप्पल आया और त्योहार खर्च के नाम पर एक हजार रुपये मांगने लगा। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और बेसबॉल बैट से हमला कर शाहिद मंसूरी की हथेली में चोट पहुंचा दी। आरोपी वारदात के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने धारा 296, 115(2), 119(1), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

एक ही दिन में हुई इन तीन घटनाओं ने अधारताल क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। शराब और पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर हथियारों से हमले की घटनाएं आम नागरिकों में भय पैदा कर रही हैं। फिलहाल अधारताल पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button