Daily News UpdatesLatest News

अलर्ट!बच्चों को नहीं दें सिक्का:जबलपुर में तीन साल का बच्चा खेलते समय निगल गया था सिक्का, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

ये खबर अभिभावकों को अलर्ट करने वाली है। आप भी अपने बच्चे को खेलने के लिए सिक्का आदि कदापि न दें। ये उसकी जान भी ले सकता है। जबलपुर के बरगी क्षेत्र में तीन साल का मासूम खेलने के दौरान सिक्का निगल गया। सिक्का उसके गले में फंस गया। परिजन जब तक अस्पताल लेकर पहुंचते, उसकी मौत हो गई।

ये दिल दहला देने वाली घटना बरबटी ग्राम पंचायत की है। गांव के प्रदीप यादव ने बताया कि गांव का लिक्खो आदिवासी बच्चे के साथ घर से बरेला के लिए निकला था। रास्ते में मासूम ने सिक्का निगल लिया। थोड़ी देर बाद उसे उल्टियां होने लगी। वह कुछ देर बाद बेहोशी की हालत में जाने लगा।

पिता ने स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन कोई हल नहीं निकला। उसे लेकर वह बरगी लौट गया। वहां स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया, लेकिन तब तक मासूम दम तोड़ चुका था। बताते हैं कि सिक्का अटक जाने के कारण बच्चे की सांस नली बंद हो गई थी। दम घुटने से मासूम की मौत हो गई।

तत्काल ईएनटी विशेषज्ञ को दिखाएं

जबलपुर मेडिकल कॉलेज की ईएनटी विभाग की हेड डॉक्टर कविता सचदेवा के मुताबिक मासूम को परिजन तुरंत ईएनटी विभाग लाते, तो उसकी जिंदगी बचाई जा सकती थी। इस तरह के केस में बच्चों के माता-पिता को घबराना नहीं चाहिए, नहीं तो बच्चा भी घबरा जाता है। धैर्य के साथ उसे तेजी से विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाना चाहिए। डॉक्टर सिक्का या उस जैसी कोई कठोर चीज उल्टी कराकर निकाल देते हैं। आंत में फंसने पर ही सर्जरी करनी पड़ सकती है।

Related Articles

Back to top button