Crime ReportsCrime ReportsIndiaLatest News

गढ़ा थाना पुलिस का ऑपरेशन ‘जुआ फड़’ सफल! 5 जुआरी गिरफ्तार, संचालक समेत 5 फरार, ₹25 हजार से अधिक नकदी जब्त

गढ़ा थाना पुलिस का ऑपरेशन 'जुआ फड़' सफल! 5 जुआरी गिरफ्तार, संचालक समेत 5 फरार, ₹25 हजार से अधिक नकदी जब्त

जबलपुर में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ा थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के दौरान गढ़ा पुलिस ने जुए के एक फड़ पर दबिश देकर 5 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 25 हजार 260 रुपये नकद और ताश की तीन गड्डियां जब्त की गई हैं, जबकि जुए का संचालन करने वाले आरोपी समेत पांच लोग फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में संगठित जुआ और सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोन) पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने अपनी टीम के साथ देर रात बदनपुर पहड़िया में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।

पुलिस टीम के पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इसके बावजूद पुलिस ने घेराबंदी कर मोनू प्रजापति, श्याम प्रजापति, मोनू उर्फ लक्ष्मी सिंह लोधी, राहुल मनोहरे और मूर्ति केवट को मौके से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उनके साथ राज बिठ्ठल, संदीप पटेल, अन्नू रैकवार तथा एक-दो अन्य लोग भी जुआ खेल रहे थे, जो पुलिस को देखकर भाग निकले। वहीं आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि पूरे जुए के फड़ का संचालन अज्जू चक्रवर्ती और रोहित सेन द्वारा कराया जा रहा था। पुलिस अब फरार आरोपी राज बिठ्ठल, संदीप पटेल, अन्नू रैकवार, अज्जू चक्रवर्ती और रोहित सेन की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

मौके से पुलिस ने 25 हजार 260 रुपये नकद, ताश की तीन गड्डियां और जुए में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 एवं बीएनएस की धारा 49 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक रामकरन मिश्रा, प्रधान आरक्षक ज्ञानेन्द्र पाठक, प्रधान आरक्षक नीरज तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रदीप दुबे, प्रधान आरक्षक हेमंत पटेल, आरक्षक भगवान सिंह तथा आरक्षक गौरव तिवारी की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की प्रशंसा की है।

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि जबलपुर पुलिस अवैध गतिविधियों के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ मैदान में है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक आशीष जैन के निर्देशन में चल रहा अभियान लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी राज बिठ्ठल, संदीप पटेल, अन्नू रैकवार, अज्जू चक्रवर्ती और रोहित सेन को भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button