Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

चाइना चाकुओं के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा! 49 खतरनाक चाकू जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार, अपराध की बड़ी साजिश नाकाम

चाइना चाकुओं के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा! 49 खतरनाक चाकू जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार, अपराध की बड़ी साजिश नाकाम

जबलपुर में अपराधियों और अवैध हथियारों के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में क्राइम ब्रांच, अधारताल थाना, रांझी थाना और पनागर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 प्रतिबंधित चाइना चाकू जब्त किए हैं और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का मानना है कि समय रहते हुई इस कार्रवाई से शहर में संभावित गंभीर आपराधिक घटनाओं को रोका जा सका।

पुलिस के अनुसार, शहर में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त की लगातार सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच, अधारताल, रांझी और पनागर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान अधारताल थाना क्षेत्र से अभिषेक उर्फ छिंगा, अभिषेक कोल और आकाश उर्फ काला सिंह को बड़ी संख्या में प्रतिबंधित चाइना चाकुओं के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में एक आरोपी ने खुलासा किया कि यह चाकू राजस्थान के अजमेर से मंगवाए जाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

इसी अभियान में रांझी थाना क्षेत्र से साहिल केवट और गगन रैकवार को भी अवैध चाइना चाकुओं के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं पनागर थाना क्षेत्र से मुन्ना उर्फ साहिल बर्मन को भी पुलिस ने धर दबोचा।

पुलिस ने सभी आरोपियों के कब्जे से कुल 49 प्रतिबंधित चाइना चाकू बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) जितेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में अपराध फैलाने की मंशा रखने वाले और अवैध हथियारों का कारोबार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क पर नजर रख रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि जबलपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से काम कर रही है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में चल रही मुहिम के कारण अपराधियों में भय का माहौल है और अवैध हथियारों के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध हथियारों की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का स्पष्ट संदेश है—अपराधियों के लिए जबलपुर में कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button