IndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर कलेक्‍टर ने किया ओरिया मटर मंडी का निरीक्षण, कारोबार शुरू होने के पहले सभी व्‍यवस्‍थाएं सुनिश्चित करने के दिये निर्देश.

जबलपुर कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह ने ओरिया स्थित मटर मंडी में एक दिसम्‍बर से मटर का कारोबार शुरू होने के पहले यहां बिजली, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। श्री सिंह ने मंडी परिसर में किसानों की सुविधाओं के लिहाज से सभी जरूरी व्‍यवस्‍थायें करने की हिदायत भी अधिकारियों को दी।

कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह आज मंगलवार की शाम ओरिया स्थित मटर मंडी का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्‍होंने पूरे मंडी परिसर का भ्रमण किया तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्‍यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिये। श्री सिंह ने कहा कि मंडी परिसर में मटर बेचने आये किसानों को किसी भी तरह की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये। उन्‍होंने मंडी परिसर में किसानों के बैठने के लिए शेड बनाने तथा बढ़ती ठंड को देखते हुए अलाव अथवा ब्‍लोअर की व्‍यवस्‍था करने कहा। कलेक्‍टर ने मंडी परिसर की सुरक्षा व्‍यवस्‍था पर भी विशेष ध्‍यान देने की हिदायत दी और पर्याप्‍त संख्‍या में सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश दिये। किसानों द्वारा लाई गई मटर की तुलाई के लिए तीन शिफ्टों में पर्याप्‍त संख्‍या में कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश भी निरीक्षण के दौरान दिये।

किसानों का किया जाये ऑनलाइन पंजीयन :-

कलेक्‍टर के निरीक्षण के दौरान ओरिया मटर मंडी के साथ-साथ सहजपुर मंडी में भी मटर लेकर आने वाले किसानों का ऑनलाइन पंजीयन करने की व्यवस्था प्रारंभ करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि मटर लेकर आने से पूर्व ऑनलाइन पंजीयन से कराने से किसानों के साथ-साथ व्यापारियों को भी सुविधा होगी। ऑनलाइन पंजीयन के माध्‍यम से किसान यह बता सकेगा कि वह किस तारीख को और कितनी मटर लेकर मंडी पहुंच रहा है। उन्‍होंने मंडी में मटर लेकर आने वाले वाहनों के आने और जाने के लिए अलग-अलग मार्ग तय करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये, ताकि एक साथ बड़ी संख्‍या में वाहन आने से जाम की स्थिति न बने।

कलेक्‍टर के औरिया मटर मंडी के निरीक्षण के दौरान एसडीएम अधारताल पंकज मिश्रा, उप संचालक कृषि डॉ. एस के निगम, जिला विपणन अधिकारी हिरेन्‍द्र रघुवंशी, मंडी बोर्ड के कार्यपालन यंत्री वीरेन्‍द्र सोनी तथा मंडी सचिव राजेश सैय्याम भी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button