Daily News UpdatesJabalpurLatest News

जबलपुर # डुमना नेचर पार्क में किया गया पृथ्वी तत्व पर आधारित योग क्रियाओं का अभ्यास

जबलपुर। अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर जबलपुर में होने जा रहे राष्ट्रीय कार्यक्रम के पूर्व आयोजित की जा रहीं वातावरण निर्माण की गतिविधियों के तहत आज शुक्रवार को सुबह 6 बजे स्मार्ट सिटी द्वारा डुमना नेचर पार्क में योग के पांच तत्वों में से पृथ्वी तत्व पर केंद्रित योग क्रियाओं का अभ्यास किया गया। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया और पौधों को लगाने के पहले इनसे 21 जून की आकृति बनाई गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड चन्द्रप्रताप गोहल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुये योगाभ्यास के इस कार्यक्रम में पृथ्वी तत्व पर आधारित योग क्रियाओं का अभ्यास योग प्रशिक्षक की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में किया गया। योगाभ्यास में करीब दो सौ लोगों शामिल हुये ।
योगाभ्यास के इस कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन जबलपुर द्वारा ईट राइट चैलेंज प्रतियोगिता फेस-3 के अंतर्गत मिलेट्स श्रीअन्न के प्रति आम जनता में जागरूकता पैदा करने कोदो, कुटकी, रागी, कांगनी, सांवा से बने पोहा, कुकीज, नूडल्स, पास्ता, आटा जैसे पोषक तत्वों से भरपूर भोज्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया।
पृथ्वी तत्व पर आधारित योग क्रियाओं के अभ्यास के इस कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन से पंकज श्रीवास्तव, संजय गुप्ता, माधुरी मिश्रा, विनोद धुर्वे एवं सारिका दीक्षित, स्मार्ट सिटी के कंपनी सचिव कैलाश भाटी, ईको टूरिज्म एक्सपर्ट केएल कावरे, प्रशासनिक अधिकारी रवि राव, महेंद्र त्रिपाठी, अर्बन प्लानर अर्पित नेमा, कार्यपालन यंत्री कविश मिश्रा, अनिकेत गौरिया, दिग्दर्श सिंह, जीआई एक्सपर्ट बालेंद्र शुक्ला, डाटा मैनेजमेंट ऑफिसर अंकुर खरे, मैनेजर ई-गवर्नेस गजेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले वातावरण निर्माण के लिये योग के पांच तत्वों पृथ्वी, अग्नि, जल, वायु और आकाश पर केंद्रित गतिविधियां पहली बार जबलपुर में आयोजित की जा रही हैं। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन एवं नगर निगम आयुक्त स्वप्निल वानखड़े के मार्गदर्शन में चलाई जा रही वातावरण निर्माण की इन गतिविधियों में शनिवार 17 जून को गौरीघाट में नर्मदा तट पर अग्नि एवं जल पर केंद्रित योग के आसनों का अभ्यास किया जायेगा।

Related Articles

Back to top button