Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में अपराध और हादसों का सिलसिला: सोलर लाइट चोरी से लेकर साइबर ठगी तक कई मामले दर्ज

अपराध और हादसों का सिलसिला: सोलर लाइट चोरी से लेकर साइबर ठगी तक कई मामले दर्ज

जबलपुर। जिले में अपराध और सड़क हादसों से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। बरेला में रिसोर्ट से सोलर लाइट का खंभा चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया, वहीं शहपुरा में वेयरहाउस से लाखों रुपये का अनाज चोरी होने का मामला सामने आया है। इसके अलावा शराब के लिए रुपये मांगने और मना करने पर मारपीट, चाकूबाजी, दहेज प्रताड़ना, एटीएम कार्ड बदलकर ठगी और बैंक के नाम पर साइबर फ्रॉड जैसे मामले भी पुलिस थानों में दर्ज हुए हैं। सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हुई है, जबकि अलग-अलग हादसों में कई लोग घायल हुए हैं। वहीं कुंडम क्षेत्र में महानदी से एक अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद पुलिस उसकी पहचान और मौत के कारणों की जांच कर रही है।

रिसोर्ट से सोलर लाइट का खंभा चोरी, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार,
बरेला थाना क्षेत्र के ड्रीमलैंड रिसोर्ट से सोलर लाइट का करीब 15 फीट लंबा खंभा चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक रिसोर्ट मैनेजर आनंद श्रीवास ने 1 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 अगस्त की रात वह अपने ड्राइवर के साथ रिसोर्ट से मेन रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने रिसोर्ट की साइट से एक व्यक्ति को सोलर लाइट का खंभा निकालकर ले जाते देखा।

टॉर्च की रोशनी में आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र पटेल निवासी देवरी पटपरा के रूप में हुई। आरोपी खंभा लेकर मौके से फरार हो गया। मैनेजर ने पुलिस को यह भी बताया कि इससे पहले भी रिसोर्ट की साइट से 12 सोलर लाइट के खंभे चोरी हो चुके हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर देवरी पटपरा में दबिश दी और धर्मेन्द्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि भागते समय उसने चोरी किया गया खंभा खेत में छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खेत से सोलर लाइट का खंभा बरामद कर लिया। आरोपी को पकड़ने में उप निरीक्षक मुनीम सिंह कुलस्ते और प्रधान आरक्षक रामकुमार की सराहनीय भूमिका रही।

वेयरहाउस से 120 बोरी अनाज गायब, करीब 2 लाख 90 हजार का नुकसान,
शहपुरा थाना क्षेत्र में महावीर वेयरहाउस से 120 बोरी अनाज चोरी होने का मामला सामने आया है। अतुल ट्रेडर्स के संचालक अमित गोपाल जैन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वेयरहाउस में मूंग, रहर और उड़द की करीब 700 बोरियां स्टॉक कर रखी थीं।

26 अगस्त की शाम वेयरहाउस बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन ड्राइवर ने फोन कर बताया कि वेयरहाउस के ताले और कुंदे टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचने पर जांच में 95 बोरी मूंग, 10 बोरी रहर और 15 बोरी उड़द यानी कुल 120 बोरी अनाज गायब मिला। चोरी गए माल की कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।

मौके पर लोडिंग वाहन के पहियों के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

शराब के लिए 500 रुपये नहीं दिए तो चाकू से हमला,
हनुमानताल थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर एक 17 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। रिहान हुसैन ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर की रात वह अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। पचकुईया छोटा मैदा के पास परिचित एहफाज अंसारी मिला और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा।

रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने चाकू से हमला कर रिहान की जांघ के नीचे चोट पहुंचाई। बचाव करने पर हाथ में भी चोट लगी। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शराब के लिए 2 हजार रुपये मांगे, चार युवकों ने बस चालक को पीटा,
गढ़ा थाना क्षेत्र में शराब के लिए 2 हजार रुपये मांगने पर रुपये नहीं देने से नाराज चार युवकों ने बस चालक रैनोल्ड स्मिथ के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित के मुताबिक चारों आरोपी उसके घर के सामने खड़े थे और उन्होंने शराब पीने के लिए पैसे मांगे।

रुपये देने से मना करने पर गाली-गलौज शुरू हुई और बाद में आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उसे जमीन पर पटक दिया। घटना में चेहरे, माथे, आंख के पास और पीठ में चोटें आईं। पत्नी और बेटे ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।

बरेला में 500 रुपये के विवाद में चार युवकों ने की मारपीट,
बरेला में भी शराब के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ। यात्री ऑटो चालक गौरव विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन और दोस्त के साथ पान की दुकान पर गया था। इसी दौरान गगन चक्रवर्ती, शिवकुमार चक्रवर्ती, अभिषेक चक्रवर्ती और विशाल भाट वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगे।

रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने गौरव के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। उसकी बहन और दोस्त ने बीच-बचाव किया तो दोस्त ऋषभ पर लाठी से हमला कर दिया गया। घटना में दोनों घायल हुए हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मदनमहल में दो पक्षों में मारपीट, दोनों की शिकायत पर केस,
मदनमहल थाना क्षेत्र में 31 अगस्त की रात आपसी विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। पवन तिवारी ने शिकायत में बताया कि 16 वर्षीय किशोर से बातचीत के दौरान विवाद हुआ। गाली देने से मना करने पर किशोर ने मारपीट कर ईंट और किसी वस्तु से चोट पहुंचाई तथा धमकी दी।

वहीं 16 वर्षीय किशोर ने भी पवन तिवारी पर शराब के लिए 500 रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर हाथ-मुक्कों व बेल्ट से मारपीट करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 80 हजार रुपये निकाले,
गढ़ा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक अलग मामला सामने आया है। धनवंतरीनगर निवासी सुनिता भानू एटीएम से रुपये निकालने गई थीं। कार्ड मशीन में फंसने पर पीछे खड़े व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उनका पिन देख लिया और चुपचाप एटीएम कार्ड बदल दिया।

कुछ समय बाद महिला के मोबाइल पर खाते में सिर्फ 1,931 रुपये शेष होने का मैसेज आया। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदार बनकर भेजे फर्जी मैसेज, एक लाख रुपये की साइबर ठगी,
घमापुर थाना क्षेत्र में 64 वर्षीय संतोष कुमार प्रजापति से एक लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। आरोपी ने फोन कर खुद को रिश्तेदार बताया और कहा कि उसके खाते में रुपये भेजे जा रहे हैं। इसके बाद पीड़ित के मोबाइल पर रुपये जमा होने के फर्जी मैसेज भेजे गए।

मैसेज पर भरोसा कर पीड़ित ने आरोपी द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर अलग-अलग किश्तों में कुल एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे पता चला कि खाते में रुपये जमा ही नहीं हुए थे और उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक ऑफ इंडिया के नाम पर फर्जीवाड़ा, पेंशनर कार्ड के नाम पर 46,700 रुपये की ठगी,
विजयनगर थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया के नाम का इस्तेमाल कर सेवानिवृत्त व्यक्ति से 46 हजार 700 रुपये की साइबर ठगी की गई। सुधीर कुमार गुप्ता ने इंटरनेट पर पेंशनर कार्ड से संबंधित विज्ञापन देखा और उसे बैंक का वास्तविक विज्ञापन समझकर पंजीयन कर दिया।

इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए व्हाट्सएप पर लिंक भेजा और सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने को कहा। बैंक के लोगो वाले फर्जी संदेश के जरिए आरोपी ने पीड़ित से एटीएम कार्ड और पिन से संबंधित जानकारी हासिल कर ली।

कुछ समय बाद पीड़ित के खाते से 46,700 रुपये कट गए। बैंक से जानकारी मिलने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

दहेज के लिए 50 हजार रुपये की मांग, पति पर प्रताड़ना का आरोप,
गढ़ा थाना क्षेत्र में विवाहिता ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिवानी पटेल ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2018 में देवराज पटेल से हुई थी। शादी के दौरान सम्मेलन से 50 हजार रुपये मिले थे।

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से पति इसी रकम को लेकर उसे परेशान करने लगा। बाद में उसने दहेज में 50 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी। 31 अगस्त को उसने पति को सिलाई के काम से कमाए छह हजार रुपये दिए, लेकिन पति शराब पीकर घर आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मोबाइल तोड़ दिया।

पुलिस ने पति के खिलाफ बीएनएस और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

मोबाइल पर चैट करने को लेकर पति ने पत्नी से की मारपीट,
घमापुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। नंदनी मंगलानी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में योगेश मंगलानी से हुई थी और उनका तीन साल का बेटा है।

महिला के मुताबिक करीब दो महीने से पति उसे परेशान कर रहा था। 1 सितंबर की सुबह पति मोबाइल पर किसी से चैट कर रहा था। पूछने पर वह गुस्सा हो गया और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ धारा 85 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

लोडिंग ऑटो की टक्कर से दो घायल, चालक फरार,
पाटन थाना क्षेत्र में लोडिंग ऑटो और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। हादसा रानीताल और कंतोरा के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल से जा रहे शंकर रजक और रंजीत पटेल को सामने से आ रहे लोडिंग ऑटो क्रमांक एमपी 21 जी 2059 ने टक्कर मार दी।

हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए जबलपुर भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

एक्टिवा की टक्कर से दो लोग घायल,
मझौली थाना क्षेत्र में एक्टिवा चालक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। घटना में आगम सिंघई और संजय कुमार घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार परिवार के सदस्य जैन मंदिर में पूजा करने के बाद जमीन खरीदने के सिलसिले में ग्राम पीपल देवरी जा रहे थे। रजबई मोड़ के पास एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एसई 8811 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों घायलों को सिहोरा अस्पताल भेजा गया।

पिकअप की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की मौत,
पाटन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 18 वर्षीय नवल मल्लाह की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार नवल अपने साथी राहुल के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। गाड़ाघाट क्षेत्र में सामने से आ रही पिकअप क्रमांक एमपी 20 जेडएक्स 0887 ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में नवल और राहुल घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने नवल को मृत घोषित कर दिया। राहुल को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

ट्रक की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत,
मदनमहल थाना क्षेत्र में शुभ मोटर्स के सामने महानद्दा में ट्रक की चपेट में आने से शेख इसराईल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

महानदी के भीमकुंडी घाट में अज्ञात महिला का शव मिला,
कुंडम थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया स्थित महानदी के भीमकुंडी घाट में करीब 25 से 30 वर्ष की अज्ञात महिला का शव मिला है। ग्राम सरपंच की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर महिला की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।

जबलपुर में सामने आए इन मामलों में पुलिस ने संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी, मारपीट, साइबर ठगी, पारिवारिक विवाद और सड़क हादसों से जुड़े मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश और घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button