
जबलपुर। शहर के विजय नगर क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों में गैस भरकर बेचने का मामला सामने आया है। थाना विजय नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र सिंह मर्सकोले ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि आलू-प्याज मंडी विजयनगर में एक व्यक्ति घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर अन्य खाली सिलेंडरों में भरकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
दबिश के दौरान एक व्यक्ति गैस भरने की तैयारी करते हुए मिला, जो पुलिस को देखकर घबराने लगा। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू रजक (43 वर्ष), निवासी महाराजपुर गौतम नगर, थाना अधारताल, जिला जबलपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एचपी कंपनी के दो गैस सिलेंडर (एक खाली एवं एक आधा भरा), एक अन्य कंपनी का सिलेंडर, गैस भरने में उपयोग होने वाला इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा तथा 2500 रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी के पास गैस भरने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार आरोपी घरेलू गैसलेंडरों से गैस निकालकर अन्य सिलेंडरों में भरकर अवैध रूप से विक्रय कर रहा था, जो अत्यंत खतरनाक कार्य है और इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
आरोपी के विरुद्ध धारा 287 बीएनएस एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह मर्सकोले, प्रधान आरक्षक प्रमोद मिश्रा, आरक्षक दीपक राजपूत , आरक्षक रूपेश जगेत, रामेश्वर बॉक्सर एंव सुदीप ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



