जबलपुर में बेखौफ झपटमारों का आतंक: सड़कों पर नहीं थम रहीं लूट और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातें, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
बेखौफ झपटमारों का आतंक: सड़कों पर नहीं थम रहीं लूट और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातें, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

जबलपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आए दिन मोबाइल झपटमारी, लूट और राह चलते लोगों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला ओमती थाना क्षेत्र का है, जहां सड़क पर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे एक युवक के हाथ से बाइक सवार बदमाश मोबाइल झपटकर फरार हो गए। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था और अपराधियों पर लगाम लगाने के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओमती थाना क्षेत्र के मच्छो कम्पाउंड में रहने वाले 21 वर्षीय मोहित नायडू 29 मई की रात लगभग 9:50 बजे एमपीईबी कार्यालय के सामने सड़क पर खड़े होकर अपने मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान तैय्यब अली चौक की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर मोहित के हाथ से लगभग 15 हजार रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल छीन लिया और दोनों आरोपी इनकम टैक्स चौराहा होते हुए नागरथ चौक की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना ओमती में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस नेधारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेकिन यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ समय से जबलपुर शहर में मोबाइल झपटमारी, चैन स्नैचिंग और राहजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अपराधी भीड़भाड़ वाले इलाकों से लेकर मुख्य सड़कों तक लोगों को निशाना बना रहे हैं। खास बात यह है कि अधिकांश मामलों में बदमाश बाइक का इस्तेमाल कर कुछ ही सेकंड में वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
शहरवासियों का कहना है कि रात के समय ही नहीं बल्कि दिनदहाड़े भी इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। लगातार हो रही झपटमारी और लूट की घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है।
अब सवाल यह है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं दिखाई दे रहा? क्या केवल एफआईआर दर्ज कर लेना ही पर्याप्त है या फिर ऐसे शातिर झपटमार गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जरूरत है? शहर की जनता चाहती है कि पुलिस केवल घटना दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि सक्रिय होकर ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाए।
फिलहाल ओमती पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन लगातार बढ़ती झपटमारी और लूट की घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।



