IndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर: सड़क हादसों में गिरावट: “गौवंश सुरक्षा अभियान” के दिखने लगे सकारात्मक परिणाम,कलेक्टर, पुलिस कप्तान के संयुक्त प्रयास से जबलपुर-भोपाल मार्ग पर दिखा असर

जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार गौवंश को सड़क हादसों से बचाने और यातायात सुरक्षा बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत जबलपुर जिले में प्रशासनिक प्रयासों के सकारात्मक नतीजे सामने आने लगे हैं। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहपुरा जनपद क्षेत्र में अब सड़कों पर गौवंश का विचरण कम हुआ है, जिससे दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। यह सफलता कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस कप्तान सम्पत उपाध्याय के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। अधिकारियों ने सामूहिक रूप से रणनीति बनाकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं और अभियान को धरातल पर सफलतापूर्वक उतारा।

गौशालाओं में कराया गया स्थानांतरित-
कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय की पहल पर गौशालाओं की पहचान की गई और सड़क पर विचरण कर रहे मवेशियों को इन गौशालाओं में स्थानांतरित किया गया। ग्राम पंचायतों द्वारा भूसा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जबकि जनपद पंचायत शहपुरा स्वास्थ्य देखरेख की जिम्मेदारी निभा रही है।

नागरिकों और गौवंश दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित-
अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान की समीक्षा करते हुए इसे सड़क सुरक्षा और पशु कल्याण के क्षेत्र में प्रभावशाली पहल बताया। उनका कहना है कि इससे न केवल दुर्घटनाएं कम हुई हैं, बल्कि नागरिकों और गौवंश दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

समीक्षा बैठक में हुई समीक्षा-
उल्लेखनीय है कि 14 जुलाई को सीईओ जिला पंचायत अभिषेक गहलोत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक में 15 जुलाई से अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इस दौरान गौवंश को गौशालाओं या कांजी हाउस में भेजने तथा पशुपालकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए थे।

सबसे आगे सबसे तेज आपका अपना SET न्यूज़

Related Articles

Back to top button