Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

तेज रफ्तार का कहर, भोजनावकाश में बैठे मजदूरों को कार ने रौंदा, पांच की मौत, 7 घायल, बरेला मार्ग पर दिल दहला देने वाली दुर्घटना, देर रात तीन और महिलाओं ने तोड़ा दम, चालक फरार

जबलपुर के बरेला मार्ग पर रविवार दोपहर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सड़क किनारे भोजनावकाश के दौरान बैठे मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया था। हादसे में पहले दो महिला श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य महिलाओं ने देर रात नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना में अब भी 10 श्रमिक अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
इन महिलाओं की हुई मौत,
मृतकों की पहचान मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिहारिया निवासी चैनवती बाई (35), लच्छो बाई (38), गोमती बाई (40) और वर्षा बाई (39), कृष्णा बाई (41) के रूप में हुई है। सभी महिलाएं पिछले करीब एक माह से जबलपुर में रहकर मजदूरी कर रही थीं। हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
भोजनावकाश में मौत का तांडव-
बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक पर 20 से अधिक श्रमिक रोड डिवाइडर की ग्रिल की सफाई का कार्य कर रहे थे। रविवार दोपहर लगभग दो बजे भोजनावकाश के दौरान श्रमिक सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी बीच सफेद रंग की एक कार तेज गति से मौके पर पहुंची। चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे मजदूरों को रौंदती चली गई। कुछ ही पलों में हंसता-खेलता माहौल मातम में बदल गया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई मजदूर दूर जा गिरे।
राहगीरों ने दिखाई मानवता, यातायात ठप-
दुर्घटना के बाद राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़े। कुछ देर में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे जबलपुर-बरेला-मंडला मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को प्राथमिक सहायता के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने बाद में यातायात बहाल कराया।
ये घायल अब भी अस्पताल में-
दुर्घटना में घायल श्रमिकों में राजकुमारी (37), अकलवती (36), मीरा बाई (38), जमना बाई (35), ज्ञानवती (41), भगवती (37), लक्ष्मी बाई (39) और छोटीबाई (36) शामिल हैं। सभी मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र के निवासी हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
चालक फरार, तलाश तेज-
दुर्घटना के बाद चालक कार समेत जबलपुर की ओर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
कलेक्टर–कप्तान ने ली स्थिति की जानकारी-
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस कप्तान सम्पत उपाध्याय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन को समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button