Court / Notice / OrdesCrime ReportsIndiaLive NewsMP

मुख्यमंत्री मोहन यादव का एक्शन,गोवंश हत्या मामले में कलेक्टर व एसपी हटाए

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में करीब 60 गौ वंश की हत्या और उसके बाद सिवनी समेत आसपास के जिलों में उपजे विरोध के चलते मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने यहां पदस्थ रहे कलेक्टर क्षितिज सिंघल व एसपी राकेश कुमार सिंह को हटा दिया है। दोनों ही अधिकारियों को मुख्यालय में अटैच किया गया है। कलेक्टर के रूप में रीवा नगर निगम में पदस्थ आयुक्त संस्कृति जैन को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि इंदौर देहात के पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता को पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया है। सिवनी एसपी को हटाने के अलावा चार अन्य आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है, जिसे समाचार के साथ संलग्न आदेश में देखा जा सकता है।

गौरतलब है कि सिवनी जिले के धूमा मझगवां और धनौरा में गुरुवार को नदी और तालाबों के पास गोवशों के शव मिले थे। 58 गोवंश में गाय और बैल शामिल थे। घटना की सूचना के बाद मौके पर कलेक्टर और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। इन गोवंश की गला रेत कर हत्या की आशंका जताई गई। इस घटना को लेकर सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि घटना की उच्च स्तरीय जांच के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इतनी अधिक मात्रा में गोवंश की हत्या किस मकसद से की गई, यह गंभीर जांच का विषय भी है। हालांकि उसकी तह तक जांच टीम में पहुंच पाती इसके पहले ही हिंदू संगठनों द्वारा जमकर विरोध किया गया। जिसकी आग आसपास के जिलों तक पहुंच गई थी। स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है और इन्हें जुलूस की शक्ल में न्यायालय तक ले जाया गया।

 

Related Articles

Back to top button