IndiaJabalpurLatest NewsMP

गुम इंसान खोजने भोपाल जा रही माढ़ोताल पुलिस दुर्घटना का शिकार, सड़क पर बैठे मवेशी से टकराकर अनियंत्रित हुई इनोवा, महिला प्रधान आरक्षक के सिर में गंभीर चोट, चालक का पैर टूटा

गुम इंसान खोजने भोपाल जा रही माढ़ोताल पुलिस दुर्घटना का शिकार, सड़क पर बैठे मवेशी से टकराकर अनियंत्रित हुई इनोवा, महिला प्रधान आरक्षक के सिर में गंभीर चोट, चालक का पैर टूटा

जबलपुर। गुम इंसान की तलाश में भोपाल जा रही माढ़ोताल थाना पुलिस की टीम सोमवार को नरसिंहपुर जिले में सड़क हादसे का शिकार हो गई। सुआतला थाना क्षेत्र के ग्राम बंधी के पास सड़क पर बैठे मवेशी को भारी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मवेशी उछलकर पुलिस टीम की इनोवा कार के सामने आ गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे में महिला प्रधान आरक्षक रुहिता और चालक हर्ष यादव घायल हो गए। महिला प्रधान आरक्षक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि चालक का पैर टूट गया।

मवेशी के अचानक सामने आने से बिगड़ा संतुलन-
जानकारी के अनुसार, माढ़ोताल थाने में पदस्थ एएसआई अशोक राय, महिला प्रधान आरक्षक रुहिता, महिला आरक्षक देविका नंदन और चालक हर्ष यादव इनोवा कार क्रमांक एमपी 07 टीए 1454 से गुम इंसान की तलाश में भोपाल जा रहे थे। इसी दौरान सुआतला थाना क्षेत्र के ग्राम बंधी के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक भारी वाहन ने सड़क पर बैठे मवेशी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मवेशी उछलकर पुलिस की इनोवा के सामने आ गया। अचानक सामने आए मवेशी के कारण चालक वाहन संभाल नहीं पाया और हादसा हो गया।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया-
घटना में महिला प्रधान आरक्षक रुहिता के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि चालक हर्ष यादव का पैर टूट गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हुई। सुआतला टीआई कोमल सिंह बागरी ने बताया कि दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए नरसिंहपुर रवाना किया गया। हादसे के बाद पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई गई।

Related Articles