जबलपुर में बदमाशों का खूनी तांडव! रांझी में मकान विवाद पर हमला, गोराबाजार में चाकूबाजी से फैली दहशत
बदमाशों का खूनी तांडव! रांझी में मकान विवाद पर हमला, गोराबाजार में चाकूबाजी से फैली दहशत

जबलपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रांझी और गोराबाजार थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ मकान विवाद को लेकर घर में घुसकर लोहे की रॉड से हमला किया गया, वहीं दूसरी ओर पुरानी रंजिश में युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर इलाके में दहशत फैला दी गई। दोनों मामलों में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना रांझी क्षेत्र में रहने वाले रवि कुमार कोरी पर मकान विवाद को लेकर जानलेवा हमला किया गया। घायल हालत में रवि को शासकीय सिविल अस्पताल रांझी लाया गया, जहां उसने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसने तरुण पटेल, सोनू यादव और सौरभ बेन से 5 लाख 21 हजार रुपये में मकान खरीदा था। रवि के मुताबिक वह 2 लाख रुपये दे चुका था और बाकी रकम देकर रजिस्ट्री कराने की तैयारी कर रहा था, लेकिन आरोपियों ने अचानक मकान बेचने से इनकार करते हुए मकान खाली करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
19 मई की रात रवि अपने घर में मौजूद था, तभी तरुण पटेल, सोनू यादव, मोनू खान और सौरभ बेन वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए गेट खोलने को कहा। जब गेट नहीं खोला गया तो चारों आरोपी दीवार फांदकर घर में घुस आए और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में रवि के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची अंजू खान को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और उसके सिर पर रॉड से वार कर घायल कर दिया। जाते-जाते बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कार में भी जमकर तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर थाना गोराबाजार क्षेत्र में पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। छिवला निवासी साहिल चौधरी ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसका आदर्श नाम के युवक से विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर आदर्श और उसके साथी हर्ष ने साहिल को कजरवारा बुलाया। साहिल अपने दोस्तों अक्षय गौड़, भुवन धुर्वे और अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। साहिल के पैर में चाकू लगा, जबकि अक्षय गौड़ और भुवन धुर्वे पर भी ताबड़तोड़ वार किए गए। हमले में तीनों युवक घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी, मारपीट और प्राणघातक हमलों की घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।



