जबलपुर में शराब दुकान के पास बवाल: अमखेरा में फर्नीचर कारोबारी पर हमला, पुलिस ने शुरू की सख्त कार्रवाई
जबलपुर में शराब दुकान के पास बवाल: अमखेरा में फर्नीचर कारोबारी पर हमला, पुलिस ने शुरू की सख्त कार्रवाई

जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित अमखेरा रोड पर शराब दुकान के आसपास बढ़ती अव्यवस्था एक बार फिर विवाद की वजह बन गई। यहां शराब दुकान के पास संचालित ‘एचआर फर्नीचर’ में असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान के बाहर आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगता है, जिससे क्षेत्र में विवाद और गुंडागर्दी लगातार बढ़ रही है। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।
पीड़ित सैफ के परिजनों के मुताबिक विवाद उस समय शुरू हुआ जब दुकान के सामने कुछ लोग गंदगी कर रहे थे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और थोड़ी ही देर में लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी की। इस हमले में सैफ के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि शराब दुकान खुलने के बाद से इलाके में असामाजिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। लोगों का आरोप है कि शराब पीने के बाद कई लोग सड़क किनारे हंगामा करते हैं, जिससे महिलाओं, दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब इस घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से शराब दुकान को हटाने की मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।
वहीं शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव अशलम ने भी घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है ताकि आम नागरिक भयमुक्त होकर अपना व्यापार और दैनिक जीवन चला सकें।
दूसरी ओर गोहलपुर थाना पुलिस पूरे मामले में सक्रियता से जांच कर रही है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी और इलाके में शांति बहाल होगी।



