Latest News

जबलपुर:बकरीद बाजार में बढ़ी महंगाई की मार, जबलपुर की बकरा मंडी में खरीदारों की उमड़ी भीड़

बकरीद बाजार में बढ़ी महंगाई की मार, जबलपुर की बकरा मंडी में खरीदारों की उमड़ी भीड़

जबलपुर में बकरीद का त्योहार नजदीक आते ही बहराबाग की बकरा मंडी पूरी तरह सज चुकी है। मंडी में सुबह से देर रात तक खरीदारों और व्यापारियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हर तरफ बकरों की आवाजें, मोलभाव और खरीदारी का माहौल बना हुआ है। शहर ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग कुर्बानी के लिए पसंदीदा बकरे खरीदने पहुंच रहे हैं। हालांकि इस बार बढ़ती कीमतों ने लोगों की जेब पर बड़ा असर डाला है।

व्यापारियों के अनुसार इस साल बकरों की आवक कम होने से कीमतों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। व्यापारी शेख अजीम ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार बकरे काफी महंगे बिक रहे हैं। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल सहित दूसरे राज्यों में ज्यादा सप्लाई जाने और ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने की वजह से स्थानीय बाजार में बकरों की कमी हो गई है। इसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है और आम खरीदारों को ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ रही है।

मंडी में खरीदारी करने पहुंचे मंसूर अहमद खान ने बताया कि इस बार बकरों के दाम करीब डेढ़ गुना तक बढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो बकरा पिछले साल 30 हजार रुपये में आसानी से मिल जाता था, वही अब 45 हजार रुपये तक पहुंच गया है। इसके बावजूद लोग त्योहार को लेकर उत्साहित हैं और अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। मंसूर ने बताया कि उन्होंने इस बार एक छोटा बकरा 24 हजार रुपये और एक खस्सी बकरा 30 हजार रुपये में खरीदा है।

मंडी में इस बार कई खास नस्लों के बकरे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मालवा, सोजत, जमुनापारी, सिरोही, गुजरी और कश्मीरी नस्ल के बकरों की सबसे ज्यादा मांग देखी जा रही है। इन नस्लों के बकरे अपनी मजबूत कद-काठी, वजन और खूबसूरत बनावट के कारण लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। कई बड़े और खास नस्ल के बकरे 1 लाख से 1 लाख 10 हजार रुपये तक में बिक चुके हैं।

व्यापारी मोहम्मद अलाउद्दीन के मुताबिक अब तक मंडी में 5 से 10 हजार बकरे बिक चुके हैं और रोजाना हजारों लोग यहां पहुंच रहे हैं। 20-25 किलो से लेकर डेढ़ क्विंटल तक वजन वाले बकरे बिक्री के लिए लाए गए थे, जिनमें बड़े और भारी बकरे लगभग बिक चुके हैं। व्यापारियों का कहना है कि अब ग्राहक सिर्फ वजन नहीं बल्कि बकरों की नस्ल, सेहत और सुंदरता को देखकर खरीदारी कर रहे हैं।

फिलहाल मंडी में 10 से 15 हजार लोगों की चहल-पहल बनी हुई है और उम्मीद की जा रही है कि बकरीद तक लगभग सभी बकरे बिक जाएंगे।

Related Articles

Back to top button