Latest News
जबलपुर: समता कॉलोनी में युवक की चाकू मारकर हत्या आपसी रंजिश की आशंका, दो अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
समता कॉलोनी में युवक की चाकू मारकर हत्या आपसी रंजिश की आशंका, दो अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित समता कॉलोनी में मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दो अज्ञात युवकों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान भावेश वीरानी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया, वहीं सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भावेश वीरानी समता कॉलोनी क्षेत्र में मौजूद था, तभी दो युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू निकालकर भावेश वीरानी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भावेश को आसपास मौजूद लोगों ने अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। टीआई रीतेश पांडे ने बताया कि हत्या करने वाले दोनों अज्ञात युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



