मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर महिला क्लर्क से छेड़छाड़ का आरोप! एक साल तक पीछा करने और अश्लील मैसेज भेजने की शिकायत, लार्डगंज पुलिस ने किया मामला दर्ज

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर पर एक महिला क्लर्क ने छेड़छाड़, पीछा करने और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि डॉक्टर पिछले करीब एक साल से उसे परेशान कर रहा था। ऑफिस से लेकर घर तक पीछा करने और केबिन में घंटों बैठने की कथित हरकतों से परेशान होकर आखिरकार महिला को पुलिस की शरण लेनी पड़ी।
ऑफिस से घर तक पीछा करने का आरोप, मोबाइल पर भेजता था आपत्तिजनक मैसेज,
महिला के मुताबिक, जब भी वह ऑफिस पहुंचती थी, डॉक्टर उसके पीछे-पीछे आ जाता था और उसके केबिन में घंटों बैठा रहता था। आरोप है कि विरोध करने के बावजूद डॉक्टर मोबाइल पर चैटिंग के जरिए प्यार का इजहार करता और आपत्तिजनक बातें लिखता था। महिला ने परेशान होकर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
डिजिटल सबूत लेकर थाने पहुंची महिला,
मंगलवार रात महिला ने परिवार के साथ लार्डगंज थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के भाई और डॉक्टर के बीच भी हुआ विवाद,
इस मामले में एक और घटनाक्रम सामने आया है। महिला के भाई द्वारा डॉक्टर को समझाने की कोशिश के दौरान विवाद होने का आरोप है। डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने में मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत पर महिला के भाई के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है।
CSP अखिलेश गौर ने दी जानकारी, गिरफ्तारी के लिए टीम गठित,
सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है और मामले की जांच जारी है।
मेडिकल कॉलेज में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल,
इस घटना ने मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर यदि कार्यस्थल पर ही महिला कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस करेंगी, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? अब पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
सुनील सेन | SET NEWS जबलपुर


