ध्रुवतारा फार्म्स में पूरी रात शराब पार्टी का खेल! भेड़ाघाट पुलिस और आबकारी विभाग की चुप्पी पर सवाल, रात 2 बजे तक नेशनल हाईवे पर खड़ी रहीं गाड़ियां, आखिर किसके संरक्षण में चल रहा था यह आयोजन?

जबलपुर। कानून की किताबों में नियम सबके लिए बराबर हैं, लेकिन जब नियमों को ताक पर रखकर रसूख और प्रभाव के दम पर आयोजन होने के आरोप लगें, तो सवाल उठना लाजिमी है। जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र स्थित ध्रुवतारा फार्म्स होटल का मामला कुछ ऐसे ही गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। सामने आए वीडियो और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, होटल में आयोजित पार्टी के दौरान शराब परोसने और देर रात तक डीजे बजने के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि रात 2 बजे के बाद भी पार्टी का माहौल जारी था और नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की कतार लगी हुई थी।
रात 2 बजे तक शराब पार्टी, आखिर किसकी थी खुली छूट?
जब प्रशासन ने आयोजनों के लिए समय और नियम निर्धारित किए हैं, तो फिर रात 10 बजे के बाद भी कथित तौर पर शराब पार्टी और डीजे कैसे चलते रहे? क्या आयोजकों को विशेष अनुमति दी गई थी? यदि अनुमति थी, तो उसकी शर्तें क्या थीं? और यदि अनुमति नहीं थी, तो कार्रवाई करने की जिम्मेदारी किसकी थी? यह सवाल सीधे जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से जवाब मांगता है।
भेड़ाघाट पुलिस की निगरानी पर सवाल, रातभर क्या होता रहा?
सबसे बड़ा सवाल थाना भेड़ाघाट पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर है। जिस क्षेत्र में देर रात तक आयोजन चलने और नेशनल हाईवे पर वाहनों के खड़े होने की जानकारी सामने आ रही है, वहां पुलिस की गश्त और निगरानी कहां थी? क्या पुलिस को इस आयोजन की जानकारी नहीं थी या जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई? यदि रात 2 बजे तक सड़क पर गाड़ियां खड़ी थीं, तो उन्हें हटवाने के लिए यातायात और थाना पुलिस ने क्या कदम उठाए?
आबकारी विभाग कहां सोया रहा? शराब परोसने का लाइसेंस कौन जांचेगा?
इस पूरे मामले में आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी कम नहीं है। यदि होटल में शराब परोसी जा रही थी, तो क्या इसके लिए वैध लाइसेंस और निर्धारित अनुमति मौजूद थी? क्या आबकारी विभाग को आयोजन की जानकारी थी? क्या मौके पर कोई निरीक्षण किया गया? यदि शराब परोसने के नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो संबंधित होटल प्रबंधन और आयोजकों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? आबकारी विभाग को सामने आकर इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
नेशनल हाईवे पर गाड़ियों का जमावड़ा, आम जनता की सुरक्षा किसके भरोसे?
रात 2 बजे तक नेशनल हाईवे पर वाहनों के खड़े रहने की शिकायत बेहद गंभीर है। हाईवे किसी होटल की निजी पार्किंग नहीं है। यहां से गुजरने वाले आम नागरिकों, यात्रियों और एंबुलेंस की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। आखिर किसकी जिम्मेदारी थी कि सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया जाता? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा था? जब नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी, तो आम जनता यातायात नियमों का पालन क्यों करेगी?
पार्टी में विवाद की चर्चा, फिर भी कार्रवाई कहां?
जानकारी के मुताबिक, आयोजन के दौरान स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों के साथ विवाद होने की बात भी सामने आई है। यदि यह जानकारी सही है, तो पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम की जांच करनी चाहिए। विवाद किस बात पर हुआ, कौन लोग शामिल थे और मौके पर पुलिस पहुंची थी या नहीं? इन सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच जरूरी है।
शासन-प्रशासन जवाब दे, आखिर किसकी अनुमति से चला आयोजन?
अब सवाल सिर्फ एक होटल का नहीं, बल्कि जबलपुर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही का है। कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, थाना भेड़ाघाट और आबकारी विभाग को सामने आए वीडियो और शिकायतों की जांच करानी चाहिए। आयोजन की अनुमति, शराब परोसने का लाइसेंस, डीजे की समय-सीमा और हाईवे पर पार्किंग के नियमों की जांच होनी चाहिए। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
आखिर आम दुकानदार के लिए नियम सख्त और बड़े आयोजनों के लिए नियम अलग क्यों? रात 10 बजे के बाद आम नागरिक को नियमों का पालन करना पड़ता है, तो फिर ध्रुवतारा फार्म्स में रात 2 बजे तक कथित शराब पार्टी किसकी अनुमति से चलती रही? सड़क पर खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
जबलपुर की जनता इन सवालों के जवाब चाहती है। अब देखना यह है कि थाना भेड़ाघाट, आबकारी विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में जवाबदेही तय करते हैं या फिर जिम्मेदारों की चुप्पी ही सब कुछ बयां करती रहेगी।
सुनील सेन | SET NEWS जबलपुर