Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में चाकूबाजों का खूनी आतंक! पुरानी रंजिश में वैभव की जिंदगी छीनने वाला साहिल गिरफ्तार, अधारताल थाना प्रभारी विपिन तम्रकार का सख्त एक्शन

जबलपुर। शहर में चाकूबाजी की घटनाएं आखिर कब थमेंगी? पुरानी रंजिश, छोटी-छोटी बातों पर विवाद और हाथों में खुलेआम चाकू लेकर घूमने की मानसिकता अब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगी है। अधारताल थाना क्षेत्र के न्यू कंचनपुर में हुई एक दर्दनाक घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पुरानी रंजिश के चलते वैभव उर्फ चंचू मेहता पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए वैभव ने दम तोड़ दिया। एक परिवार का चिराग बुझ गया और पीछे रह गए अपनों के आंसू।

रास्ते में रोका, गाली-गलौज की और फिर चला दिया चाकू,
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:45 बजे वैभव उर्फ चंचू मेहता अपने दोस्त कुशाग्र यादव उर्फ पट्टू के साथ घर लौट रहा था। तभी कंचनपुर में साहिल गौतम उर्फ साहिल राजपूत के घर के सामने उसे रोक लिया गया। बताया गया कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि साहिल ने जेब से चाकू निकालकर वैभव की पीठ और गर्दन पर वार कर दिए। खून से लथपथ वैभव को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जिंदगी नहीं बच सकी।

एक चाकू के वार ने उजाड़ दिया पूरा परिवार,
जरा सोचिए, जिस परिवार ने अपने बेटे को घर लौटने का इंतजार किया होगा, उसे क्या पता था कि एक विवाद उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगा। जिस उम्र में युवाओं के हाथों में किताबें, रोजगार और भविष्य के सपने होने चाहिए, उस उम्र में कुछ लोग चाकू लेकर दूसरों की जिंदगी खत्म करने पर उतारू हैं। क्या पुरानी रंजिश इतनी बड़ी हो सकती है कि किसी की जान ही ले ली जाए? आखिर कब समझेंगे ऐसे लोग कि चाकू से निकला एक वार केवल शरीर को नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को घायल कर देता है?

मृत्यु कालिक कथन में सामने आया नाम, पुलिस ने आरोपी को दबोचा,
मामले की विवेचना के दौरान वैभव के मृत्यु कालिक कथन में साहिल गौतम द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई। वहीं राज झा द्वारा बचाने का उल्लेख भी किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की और आरोपी साहिल गौतम उर्फ साहिल राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की वैधानिक विवेचना की जा रही है।

थाना प्रभारी विपिन तम्रकार का एक्शन, चाकूबाजों के लिए सख्त संदेश,
अधारताल थाना प्रभारी विपिन तम्रकार के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में कार्रवाई की है। अब जरूरत इस बात की है कि क्षेत्र में चाकू लेकर घूमने वाले और छोटी-छोटी बातों पर हिंसा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जाए। पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।

सवाल समाज से भी, आखिर कब बंद होगा चाकूबाजी का खूनी खेल?
आज वैभव चला गया, कल किसी दूसरे घर का बेटा निशाना बन सकता है। पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए चाकू उठाने वालों को समझना होगा कि कानून हाथ में लेने का अंजाम गंभीर होता है। विवाद का समाधान बातचीत और कानून से होता है, किसी की गर्दन और पीठ पर चाकू चलाकर नहीं।

सुनील सेन | SET NEWS जबलपुर