रांझी में बदमाशों की निकली हेकड़ी: ‘सुअरमार बम’ फेंक दहशत फैलाने वालों को पुलिस ने सड़क पर घुमाकर दिखाया कानून का डर
रांझी में गुंडागर्दी पड़ी भारी: मोहल्ले में ‘सुअरमार बम’ फेंक दहशत फैलाने वाले बदमाशों को पुलिस ने सिखाया सबक

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में मोहल्ले में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले बदमाशों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सुअरमार बम फेंककर इलाके में आतंक मचाने वाले आरोपियों को पुलिस ने न सिर्फ सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि इलाके में उनका जुलूस निकालकर अपराधियों को कड़ा संदेश भी दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और रांझी पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना हो रही है।
न्यू शोभापुर निवासी अक्षय सिंह ने थाना रांझी में शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात तीन बदमाश उनके घर के बाहर पहुंचे और दहशत फैलाने के उद्देश्य से सुअरमार बम फेंका। धमाके की आवाज से पूरा मोहल्ला दहल उठा। इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बलेनो कार पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़ की और इलाके में डर का माहौल बना दिया। आधी रात को हुई इस घटना से लोग सहम गए थे।
बताया जा रहा है कि आरोपियों को मोहल्ले में फालतू बैठने और हुड़दंग करने से रोका गया था। इसी बात की रंजिश में उन्होंने आतंक फैलाने की साजिश रची। लेकिन रांझी पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही दिनों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक , सीएसपी रांझी और डीएसपी क्राइम के मार्गदर्शन में थाना रांझी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम बनाई गई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक मयंक यादव, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, लवकुश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक चंद्रभान, पुरुषोत्तम, मनीष पटेल, अभिषेक मिश्रा तथा क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक मोहन तिवारी, प्रधान आरक्षक मोहन थापा, हितेंद्र रावत, वीरेंद्र सिंह, आरक्षक पंकज सिंह और सत्येंद्र बिसेन ने लगातार मेहनत कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी किशन तिवारी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ शामिल दो विधि विवादित बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मोहल्ले में दहशत फैलाने और अपना दबदबा दिखाने के लिए यह वारदात की थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया एक्सिस वाहन भी जब्त कर लिया है।
रांझी पुलिस ने आरोपियों का इलाके में जुलूस निकालकर साफ संदेश दिया कि शहर में कानून हाथ में लेने वालों और आम लोगों में डर फैलाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जिस मोहल्ले में आरोपी खौफ पैदा करना चाहते थे, उसी इलाके में पुलिस ने उन्हें पैदल घुमाकर जनता के सामने पेश किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रांझी पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में डर पैदा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने भी साफ कर दिया है कि जबलपुर में शांति भंग करने और दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



