Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

24 घंटे में लुटेरे सलाखों के पीछे! माढ़ोताल पुलिस ने सीनियर सिटीजन से लूट का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

24 घंटे में लुटेरे सलाखों के पीछे! माढ़ोताल पुलिस ने सीनियर सिटीजन से लूट का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर में माढ़ोताल पुलिस ने सीनियर सिटीजन से हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज, नगदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे लूट, झपटमारी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। पूरे ऑपरेशन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक भगत सिंह गोठरिया ने की, जबकि कार्रवाई का नेतृत्व माढ़ोताल थाना पुलिस ने किया।

पुलिस के अनुसार, 66 वर्षीय मुन्नालाल पटेल, निवासी करमेता, पाटन रोड, सब्जी और फल लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मां रेवा कॉलोनी मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने बुजुर्ग को पकड़कर उनकी जेब से सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल, पहचान पत्रों से भरी डायरी और 1,150 रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहुल चौधरी, अभिषेक चौधरी और सुमित उर्फ अन्नू चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, दस्तावेज, 500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि सुमित उर्फ अन्नू चौधरी थाना माढ़ोताल का गुंडा सूचीबद्ध आरोपी है और उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।

इस पूरे ऑपरेशन में सहायक उपनिरीक्षक विजय शुक्ला, अशोक राय, आरक्षक सचिन मेहरा, निकेश, विनय सिंह, राहुल और कुणाल यादव की सराहनीय भूमिका रही।

माढ़ोताल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह संदेश गया है कि बुजुर्गों के साथ अपराध करने वालों को कानून से बचने का मौका नहीं मिलेगा और ऐसे मामलों में पुलिस तेजी से कार्रवाई जारी रखेगी।

Related Articles

Back to top button