जबलपुर, शिव मंदिर में पेशाब कांड के आरोपी रिज़वान खान को समाज से बहिष्कृत करेगा मुस्लिम समुदाय,

 जबलपुर, शिव मंदिर में पेशाब कांड के आरोपी रिज़वान खान को समाज से बहिष्कृत करेगा मुस्लिम समुदाय,
SET News:

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक मुस्लिम युवक के द्वारा भगवान शिव के प्राचीन मंदिर और पिंडी में पेशाब करने के आरोपी रिजवान खान उर्फ रिज्जु उर्फ भूरा को गढ़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है गिरफ्तार करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कराया गया था जहां न्यायालय ने जेल भेज दिया। वही अब इस पूरे मामले में आरोपी के खिलाफ मुस्लिम समुदाय भी सामने आया है मुस्लिम समुदाय ने स्पष्ट किया है कि आरोपी का समाज से कोई संबंध नहीं है और उसके कृत्य का वे समर्थन नहीं करते इसके साथ ही ज्ञापन में आरोपी को समाज से बहिष्कृत करने की बात और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है

दरअसल पूरी घटना 9 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी बजरिया स्थित एक शिव मंदिर की है। जहां मुजावर मोहल्ला के रहने बाले एक युवक द्वारा मंदिर परिसर में स्थित शिवलिंग पर आपत्तिजनक कृत्य किए जाने की सूचना हिंदूवादी संगठनों को मिली। आरोप है कि युवक ने चबूतरे पर स्थापित शिवलिंग के साथ असम्मानजनक व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। इससे पहले की पुलिस वहां पहुंची आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रिजवान खान उर्फ रिज्जु उर्फ भूरा के रूप में हुई है। गढ़ा थाना पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196B, 298 और 299 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसे संवेदनशील मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है, ताकि भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न हो।

घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मंदिर पहुंचे और विधि-विधान के साथ शिवलिंग का शुद्धिकरण किया। हनुमान चालीसा और शिव स्तोत्र का पाठ किया गया तथा गंगा और नर्मदा जल से जलाभिषेक कर मंदिर परिसर को पुनः पवित्र किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों के लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा में भी भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। इसके अलावा पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार की जा रही है और अतिरिक्त फोर्स को भी तैनात किया गया है

इधर मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी इस घटना की निंदा की है। समुदाय के लोगों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया कि आरोपी का समाज से कोई संबंध नहीं है और उसके कृत्य का वे समर्थन नहीं करते। ज्ञापन में आरोपी को समाज से बहिष्कृत करने की बात कही गई है। साथ ही यह भी मांग की गई कि कानून के तहत उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की हरकत करने का साहस न करे।

महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। मंदिरों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। वहीं पूरे मामले में जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का तनाव फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।

jabalpur reporter

Related post