Jabalpur

जबलपुर # “घर घर जब व्यापार होगा, तभी देश उन्नत होगा”: कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने दिया उद्यमिता का मंत्र

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मेगा कृषि क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में 28 करोड़ से अधिक के ऋण वितरित, लाड़ली बहना हितग्राहियों से अटल पेंशन योजना से जुड़ने की अपील

सेटन्यूज़, जबलपुर। के संस्कृति थियेटर भंवरताल में 6 जून 2026 को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा राष्ट्रव्यापी मेगा कृषि क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह मौजूद रहे, जबकि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया केन्द्रीय कार्यालय मुंबई के महाप्रबंधक वीरेंद्र मेहता और जबलपुर रीजनल हेड अविनाश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में डॉ. अम्बेडकर कामधेनु योजना, स्व सहायता समूह ऋण, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सड़क सुरक्षा योजना और किसान वाहन स्कीम जैसी शासन की योजनाओं के तहत ऋण प्राप्त करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। इस दौरान किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि यंत्रीकरण, पीएमएफएमई, ग्रामीण उद्योग, एग्रो वितरण तथा सौर ऊर्जा प्लांट जैसी योजनाओं के अंतर्गत 28 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए गए।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन वित्तीय साक्षरता को गति प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन खातों के माध्यम से बैंकिंग प्रणाली से वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ा गया है। सोशल सिक्योरिटी स्कीमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और जीवन ज्योति बीमा योजना में मात्र मामूली वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का सुरक्षा कवच मिलता है जो संकट के समय परिवारों के लिए बड़ा सहारा है। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीयकृत बैंकों के माध्यम से मिलने वाला ऋण बहुत सस्ती दरों पर उपलब्ध है। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि ऋण का उपयोग केवल उसी उत्पादक कार्य के लिए करें जिसके लिए वह लिया गया है, ताकि वे न केवल स्वयं का बल्कि अपने परिवार और जिले का नाम रोशन कर सकें।

“घर घर जब व्यापार होगा तो ही देश उन्नत होगा” का मंत्र देते हुए कलेक्टर ने एनआरएलएम और विभिन्न सरकारी योजनाओं का उदाहरण देते हुए महिलाओं से उद्यमी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जबलपुर कृषि प्रधान जिला है, इसलिए हमें कोदो कुटकी, धान, गेहूं और मटर जैसे उत्पादों के फूड प्रोसेसिंग की ओर बढ़ना चाहिए। उद्यानिकी विभाग की सहायता से डीपीआर तैयार करवाकर 1 करोड़ रुपये तक के ऋण प्रोजेक्ट के आधार पर प्राप्त किए जा सकते हैं। कलेक्टर ने लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को अटल पेंशन योजना में अनिवार्य रूप से जुड़ने की सलाह दी और कहा कि भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी खर्चों के लिए आत्मनिर्भर होना आवश्यक है।

महाप्रबंधक वीरेंद्र मेहता ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया किसानों से लगातार जुड़ा हुआ है और बैंक द्वारा समय समय पर उनको सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना ही बैंक का लक्ष्य है। बैंक द्वारा विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाकर मार्गदर्शन भी दिया जाता है और कृषि से जुड़ी सरकार की सभी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की भूमिका, राष्ट्र निर्माण में योगदान और वर्तमान एवं नवीनतम योजनाओं से जुड़ी जानकारियां भी साझा कीं।

कार्यक्रम में सहायक कृषि उप संचालक रवि आम्रवंशी, एलडीएम, एनआरएलएम, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग, एसआरएलएम के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button