कोसम घाट में शराब तस्करों का अड्डा बेनकाब,बरेला पुलिस की दबिश में 34 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, दो गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
बरेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब माफियाओं में हड़कंप सूने मकान से 34 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

जबलपुर। बरेला थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसम घाट क्षेत्र में संचालित एक कथित शराब तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बंगाली डेरी के पास स्थित एक सूने मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया।
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सुनसान मकान में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का भंडारण कर उसे क्षेत्र में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर मकान की घेराबंदी की और अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रकाश चक्रवर्ती और सौरभ पाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को शराब का बड़ा जखीरा मिला। कार्रवाई में कुल 34 पेटियों में रखी 408 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब को अवैध रूप से संग्रहित कर क्षेत्र में बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था।
पुलिस कार्रवाई के दौरान इस पूरे कारोबार का कथित सरगना आकाश चक्रवर्ती अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का मानना है कि यह केवल एक खेप नहीं, बल्कि एक संगठित अवैध शराब नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी, किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी और इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बरेला थाना पुलिस ने जब्त शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



