भाजपा नेत्री की संदिग्ध मौत से सनसनी, लाइसेंसी बंदूक से चली गोली, मचा हड़कंप
लाइसेंसी बंदूक से चली गोली, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के पुराने शोभापुर में भाजपा नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। देर रात हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि घर के बाहर किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके दौरान संगीता रजक अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर बाहर निकली थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घर की गैलरी में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने देखा कि संगीता रजक खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थीं। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली गलती से चली, आत्मघाती घटना है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
मामले को और भी गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि कुछ दिनों पहले ही संगीता रजक के घर पर बदमाशों द्वारा बम से हमला किए जाने की घटना भी सामने आई थी। उस हमले के बाद से परिवार पहले ही दहशत में था। अब गोली लगने से हुई मौत ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, लाइसेंसी बंदूक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। वहीं परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।
फिलहाल रांझी पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग मौत के पीछे की सच्चाई जानने का इंतजार कर रहे हैं।



