जबलपुर में दुर्गा दर्शन कर लौट रहे युवक पर चाकू से हमला, अंजनीधाम मंदिर के पास युवक के पेट में किए चाकू से वार, तीन हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में अंजनीधाम मंदिर के पास हाईवे पर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। बाइक सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर विवाद के बाद दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में अमित पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
गाली देने से मना करने पर बढ़ा विवाद,
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम कूड़न निवासी ठाकुर सिंह राजपूत जिलेटिन फैक्ट्री में काम करता है। 13 अक्टूबर की रात वह अपने साथी अमित पटेल की स्कूटी से और उसका छोटा भाई राजा राजपूत अपनी मोटरसाइकिल से जबलपुर दुर्गा दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद तीनों वापस अपने गांव लौट रहे थे।
हाईवे पर बाइक सवार तीन युवकों ने रोका,
14 अक्टूबर की रात करीब 1:20 बजे अंजनीधाम मंदिर के पास हाईवे क्रॉस करते समय भेड़ाघाट की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक सामने आ गए। आरोप है कि उन्होंने वाहन चलाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अमित पटेल ने गाली देने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया और बाइक सवारों में से दो युवक नीचे उतर आए।
पेट में चाकू से किए वार,
शिकायत के मुताबिक, दोनों युवकों ने चाकू से हमला कर अमित पटेल के पेट में नाभि के ऊपर और नीचे वार किए। हमले के बाद ठाकुर सिंह और अमित वहां से भागे। कुछ दूर सर्विस रोड पर अमित गिरकर बेहोश हो गया। इसके बाद अमित के परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। इलाज के बाद ठाकुर सिंह अपने भाई राजा के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा।
तीन आरोपियों की तलाश जारी,
भेड़ाघाट पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 296(इ), 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस बाइक सवार तीनों युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ और हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कब तक हो पाती है।



