Latest News

जबलपुर में पुलिसकर्मी पर हमला: कार शोरूम के बाहर बैंक कर्मचारी ने साथियों संग आरक्षक को बेरहमी से पीटा

पुलिसकर्मी पर हमला: कार शोरूम के बाहर बैंक कर्मचारी ने साथियों संग आरक्षक को बेरहमी से पीटा

जबलपुर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। शहर के ओमती थाना क्षेत्र में बीच सड़क एक पुलिस आरक्षक पर हमला कर दिया गया। घटना जबलपुर हॉस्पिटल के पास स्थित मारुति स्टैंडर्ड शोरूम के बाहर की है, जहां कार बुकिंग के दौरान हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते बैंक कर्मचारियों और उनके साथियों ने मिलकर पुलिस आरक्षक को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक कुंडम थाने में पदस्थ आरक्षक दीपक राजावत अपने दोस्त के साथ मारुति कार बुक कराने शोरूम पहुंचे थे। इसी दौरान फाइनेंस प्रक्रिया को लेकर इंडसइंड बैंक के एक कर्मचारी से उनकी कहासुनी हो गई। शुरुआत में विवाद मामूली था, लेकिन कुछ ही मिनटों में मामला इतना बढ़ गया कि बैंक कर्मचारी ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 8 से 10 लोगों ने मिलकर बीच सड़क आरक्षक दीपक राजावत को घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से उनकी जमकर पिटाई की गई। बीच सड़क हो रही इस मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन बदमाश लगातार हमला करते रहे।
हमले में घायल हुए आरक्षक दीपक राजावत को तत्काल इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी बैंक कर्मचारी और उसके साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस घटना ने शहर में बढ़ती गुंडागर्दी और अपराधियों के बढ़ते हौसलों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Related Articles

Back to top button