Latest News

जबलपुर: CSP एमडी नागोटिया की सख्ती से ग्वारीघाट में हड़कंप, सट्टे के अड्डे पर बड़ी रेड, एक गिरफ्तार, कुख्यात नितिन गडरिया फरार

गोरखपुर थाना पुलिस और CSP एमडी नागोतिया की बड़ी कार्रवाई, ग्वारीघाट में चल रहे सट्टे के कारोबार पर मारा छापा

जबलपुर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ गोरखपुर थाना पुलिस और CSP गोरखपुर एमडी नागोटिया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्वारीघाट इलाके में चल रहे सट्टे के अड्डे पर छापामार कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में डर का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से क्षेत्र में खुलेआम संचालित हो रहे इस अवैध कारोबार की शिकायतें लगातार पुलिस तक पहुंच रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार CSP एमडी नागोतिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्वारीघाट क्षेत्र में एक स्थान पर बड़े स्तर पर सट्टा लिखा जा रहा है और वहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल गोरखपुर थाना पुलिस की टीम को सक्रिय किया और खुद कार्रवाई की कमान संभाली। पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ मौके पर दबिश दी।

जैसे ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करते हुए अरुण चौधरी नामक युवक को मौके से पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मौके पर बैठकर सट्टा पट्टी लिख रहा था और लोगों से दांव लगवा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, नगदी रकम और सट्टे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान जब्त किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि इस पूरे अवैध कारोबार में क्षेत्र का आदतन अपराधी नितिन गडरिया भी सक्रिय भूमिका निभा रहा था। हालांकि पुलिस की दबिश के दौरान वह मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

CSP एमडी नागोतिया ने कार्रवाई के बाद साफ शब्दों में कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सट्टा, जुआ और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की नजर शहर के ऐसे सभी इलाकों पर है, जहां अवैध कारोबार संचालित होने की सूचना मिल रही है।

ग्वारीघाट क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इलाके में खुलेआम सट्टे का कारोबार चल रहा था, जिससे युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश गया है कि अपराध और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ अब लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button