टीबी और इलाज के खर्च से टूटा युवक, अमरकंटक एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर लेटा… RPF जवान ने बचाई जान
टीबी और इलाज के खर्च से टूटा युवक, अमरकंटक एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर लेटा... RPF जवान ने बचाई जान

जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर शनिवार को एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने वहां मौजूद यात्रियों की सांसें थाम दीं। सामने से अमरकंटक एक्सप्रेस तेज रफ्तार से स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, तभी एक युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गया। ट्रेन को सामने आता देख प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई।
लेकिन तभी लोको पायलट की सतर्कता और RPF जवान की फुर्ती ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। RPF जवान ने बिना समय गंवाए ट्रैक पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर खींच लिया। कुछ ही पलों की देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मुकेश मेश्राम, निवासी अधारताल, जबलपुर बताया। युवक ने कहा कि वह लंबे समय से टीबी की बीमारी से जूझ रहा है और इलाज के बढ़ते खर्च व मानसिक तनाव के कारण परेशान था। इसी परेशानी में उसने यह आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने युवक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया, उसके परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द किया और मानसिक स्वास्थ्य को देखते हुए काउंसिलिंग कराने की सलाह दी।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग लोको पायलट और RPF जवान की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं, जिनकी सूझबूझ से एक युवक की जान बच गई और रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा होने से टल गया।



