Latest News
दुष्कर्म केस में आरोपों की जंग: मैं निर्दोष, असली खेल कहीं और”—सांई पिल्ले का पलटवार, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष पर गंभीर आरोप, अवैध प्लॉटिंग और दबाव बनाने का मुद्दा गरमाया
दुष्कर्म केस में आरोपों की जंग: मैं निर्दोष, असली खेल कहीं और”—सांई पिल्ले का पलटवार, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष पर गंभीर आरोप, अवैध प्लॉटिंग और दबाव बनाने का मुद्दा गरमाया

जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म प्रकरण अब सियासी और कानूनी टकराव का रूप लेता जा रहा है। मामले में नाम उछलने के बाद सांई पिल्ले ने पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष अधिवक्ता जीएस ठाकुर पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर साजिश के तहत घसीटा जा रहा है।
सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में पिल्ले ने कहा कि पीड़िता और उसकी मां के अनुरोध पर उन्होंने केवल थाने तक पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने में सहयोग किया था। इसके बाद उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जीएस ठाकुर उन्हें झूठे केस में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।
खुद पर लगे आरोप झूठे, ठाकुर भी आरोपी”—पिल्ले
पिल्ले ने स्पष्ट कहा कि उनके खिलाफ किसी प्रकार का दुष्कर्म का मामला दर्ज नहीं है। उन्होंने पलटवार करते हुए दावा किया कि एक अन्य प्रकरण में जीएस ठाकुर स्वयं उनके साथ आरोपी हैं। साथ ही उन्होंने ओला शोरूम में तोड़फोड़ की घटना का जिक्र करते हुए ठाकुर की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
भू-माफिया और अवैध प्लॉटिंग के आरोप,
पिल्ले ने ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें “भू-माफिया” करार दिया। उनका कहना है कि रांझी तहसील के रिछाई क्षेत्र में “जीएसबी ड्रीम्स” नाम से अवैध प्लॉटिंग की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि तहसीलदार रांझी द्वारा इसे संदिग्ध और अवैध परियोजनाओं की सूची में शामिल किया गया है। पिल्ले ने कहा कि संबंधित दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें वे जांच एजेंसियों को सौंपेंगे।
इस पूरे घटनाक्रम ने पहले से संवेदनशील दुष्कर्म प्रकरण को और अधिक विवादों के घेरे में ला दिया है, जहां अब मामला केवल कानूनी नहीं बल्कि सियासी रंग भी ले चुका है।
पूर्व नगर अध्यक्ष का जवाब
पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष अधिवक्ता जीएस ठाकुर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक द्वेष का परिणाम बताया है। उनका कहना है कि सांई पिल्ले की बहू को टिकट न मिलने से वे बौखलाहट में ऐसे आरोप लगा रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि 35 वर्षों के वकालत जीवन और सार्वजनिक जीवन में उनकी छवि बेदाग रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि झूठे आरोप लगाने वालों का पर्दाफाश हो सके।



