Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

रांझी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बमबाजी और रंगदारी का मुख्य आरोपी देसी कट्टा सहित गिरफ्तार, अपराध की दुनिया का ‘मोनू’ पहुंचा सलाखों के पीछे

रांझी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बमबाजी और रंगदारी का मुख्य आरोपी देसी कट्टा सहित गिरफ्तार, अपराध की दुनिया का 'मोनू' पहुंचा सलाखों के पीछे

जबलपुर में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने की कोशिश करने वाले बदमाशों के खिलाफ थाना रांझी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बमबाजी और अवैध वसूली के मुख्य आरोपी मोनू उर्फ शिवम शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी नया मामला दर्ज किया है।

दरअसल, 4 जुलाई 2026 को गांधी चौक स्थित श्रीपाल किराना स्टोर के संचालक अनिल श्रीपाल से आरोपी ने कट्टा दिखाकर रंगदारी की मांग की थी। जब दुकानदार ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी और उसके साथियों ने दुकान बंद होने के बाद शटर पर बम फेंककर पूरे इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद से मोनू उर्फ शिवम शुक्ला और उसका साथी विवेक कोल पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।

लगातार तलाश के बीच 16 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी मदर टेरेसा स्कूल के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल लेकर पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम की तस्दीक कराई गई। जांच में यह भी सामने आया कि मोनू उर्फ शिवम शुक्ला कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। थाना तिलवाड़ा में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार साथी विवेक कोल की तलाश लगातार जारी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मयंक यादव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, प्रधान आरक्षक चंद्रभान सिंह, आरक्षक मनीष अहिरवार और आरक्षक चेतेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रांझी पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है कि कानून से बचना अब आसान नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button