45 मामलों का आरोपी और उसका साथी NSA में गिरफ्तार, रांझी के बदमाशों पर कानून का सबसे बड़ा प्रहार
खौफ के सौदागरों पर NSA की गाज 45 मामलों के आरोपी पर कसा शिकंजा हत्या और बमबाजी के आरोपियों की गिरफ्तारी रांझी के बदमाश अब सलाखों के पीछे दहशत फैलाने वालों पर कानून का प्रहार अपराधियों को सबक, जनता को राहत

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में लंबे समय से आतंक का पर्याय बने दो आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की है, जिसे अपराध जगत के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है। हत्या, हत्या के प्रयास, बमबाजी, अवैध वसूली और अवैध हथियारों के दम पर क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले बदमाशों पर अब राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत शिकंजा कस दिया गया है।

पुलिस कप्तान संम्पत उपाध्याय के निर्देश पर रांझी पुलिस ने सुभाष नगर निवासी शुभम मिश्रा और रक्षा नगर कॉलोनी निवासी अमन केवट के विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शुभम मिश्रा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, बमबाजी, अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट सहित लगभग 45 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अमन केवट भी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों के कारण पुलिस के निशाने पर था।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। कई मामलों में पीड़ित और गवाह आरोपियों के डर से सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पाते थे, जिससे अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे थे। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से दोनों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
जिला कलेक्टर द्वारा पुलिस के प्रतिवेदन का परीक्षण करने के बाद दोनों अपराधियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत वारंट जारी किया गया। आदेश जारी होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि एनएसए जैसी सख्त कार्रवाई केवल अपराधियों को जेल भेजने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह समाज में यह संदेश भी देती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। ऐसे बदमाश जो लगातार गंभीर अपराध कर क्षेत्र में दहशत फैलाते हैं, उनके खिलाफ कठोर कदम उठाना आवश्यक हो जाता है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद ऐसे अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई हुई है, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा।



