Latest News

SET NEWS के खुलासे के बाद हरकत में आई पाटन पुलिस, लगातार चोरियों पर अब जाकर टूटी खामोशी, चोर मचाते रहे आतंक, पाटन पुलिस पर उठे सवाल; SET NEWS ने खोली पोल

पाटन में चोरी से दहशत, पुलिस रही बेखबर; SET NEWS के दबाव में हुई कार्रवाई

जबलपुर! पाटन थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए थे। इलाके के लोग दहशत में थे और SET NEWS लगातार इन वारदातों को प्रमुखता से उठा रहा था। आखिरकार खबरों के दबाव और जनता के बढ़ते आक्रोश के बाद पुलिस हरकत में आई और दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

**वीओ:** पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों की जांच तेज की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और एसडीओपी पाटन के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ उर्फ प्रेमनारायण रजक, गोलू उर्फ तुलसीराम पटेल और बब्लू उर्फ शैलेन्द्र सोनी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक सौरभ चोरी करता था, गोलू चोरी का सामान बिकवाने का काम करता था जबकि बब्लू सोनी चोरी के जेवर खरीदता था।

मामले की शुरुआत तब हुई जब चौपाटी वार्ड निवासी पलक पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि परिवार के साथ ग्वारीघाट जाने के दौरान घर में चोरी हो गई। घर लौटने पर अलमारी के ताले टूटे मिले और नगदी समेत सोने-चांदी के जेवर गायब थे। इसी दौरान पाटन में एक और चोरी की घटना भी सामने आई थी।

लगातार बढ़ रही वारदातों से स्थानीय लोग नाराज थे और पुलिस गश्त व निगरानी पर सवाल उठा रहे थे। SET NEWS ने भी लगातार इन चोरियों की खबरें प्रमुखता से प्रसारित कर पुलिस की निष्क्रियता को उजागर किया था।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर सौरभ रजक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दोनों चोरियां कबूल कर लीं। आरोपी की निशानदेही पर चांदी के जेवर और 25 हजार रुपए नगद बरामद किए गए। वहीं चोरी के सोने के जेवर गोलू पटेल के जरिए बब्लू सोनी को बेचे जाने की बात सामने आई।

पुलिस ने बब्लू सोनी के कब्जे से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और चांदी के सिक्के भी जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी ने पाटन क्षेत्र में चार और चोरियों की बात कबूल की है और उनसे जुड़े मामलों की जांच जारी है।

पाटन पुलिस अब भले ही चोरी के मामलों का खुलासा कर अपनी कार्रवाई गिना रही हो, लेकिन इलाके के लोग पूछ रहे हैं कि आखिर पुलिस पहले क्यों नहीं जागी? लगातार हो रही वारदातों के बीच SET NEWS ने जिस तरह मुद्दे को उठाया, उसके बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ी और अब चोरी के मामलों का खुलासा सामने आया है।

Related Articles

Back to top button