घर के अंदर मौत का खूनी खेल, वृद्धा की हत्या कर कुएं में फेंका शव, रांझी में हड़कंप
घर के अंदर मौत का खूनी खेल, वृद्धा की हत्या कर कुएं में फेंका शव, रांझी में हड़कंप

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र स्थित हनुमान नगर में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। घर में अकेली रहने वाली 75 वर्षीय वृद्धा पुष्पा शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके बाद शव को घर के आंगन में बने कुएं में फेंक दिया गया। घर के अंदर फैला खून, घसीटने के निशान और बिखरा सामान इस सनसनीखेज हत्या की भयावह कहानी बयां कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि पुष्पा शर्मा 26 मई की रात खाना खाने के बाद अपने घर में सोने चली गई थीं। अगले दिन देर रात तक जब वह घर से बाहर नहीं निकलीं तो उनके भाई सुनील शर्मा को चिंता हुई। सुनील शर्मा अपने परिचितों के साथ बहन के घर पहुंचे, लेकिन घर का गेट अंदर से बंद मिला। शक होने पर सभी लोग दीवार फांदकर अंदर पहुंचे।
घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे की दीवारों और फर्श पर खून के छींटे पड़े थे। अंदर वाले कमरे से लेकर आंगन तक खून घसीटने के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। मुख्य गेट के पास गाउन, चादर और चप्पल बिखरी पड़ी थीं। जब सभी लोग खून के निशानों का पीछा करते हुए आंगन में बने कुएं तक पहुंचे तो उसमें वृद्धा का शव पानी में उतराता मिला।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर सीएसपी रांझी सतीष कुमार साहू और एफएसएल अधिकारी डॉ. अजय सिंह भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और पूरे घर की बारीकी से जांच की।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आरोपी ने पहले महिला पर हमला किया और हत्या के बाद शव को घसीटकर कुएं में फेंक दिया ताकि मामला छिपाया जा सके। हालांकि घर के अंदर मौजूद खून के निशानों ने साफ कर दिया कि यह एक सुनियोजित हत्या है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह और सीएसपी रांझी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और क्षेत्र के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस वारदात के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।



