जबलपुर: गोरखपुर थाने में न्याय कैद, अपराधियों की दबंगई, गोरखपुर पुलिस की लापरवाही पर सवाल!
अपहरण और मारपीट का शिकार हुआ विवेक, न्याय मांगने पहुंचा तो पुलिस ने ही बढ़ाई परेशानी; गोरखपुर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल।

जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था की तस्वीर चिंताजनक होती नजर आ रही है। बाइक और कार की टक्कर के बाद विवाद में कार चालक विवेक के अपहरण और बेरहमी से मारपीट किए जाने के आरोप सामने आए हैं। पीड़ित का आरोप है कि बदमाश उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गए और उसके साथ मारपीट की। क्षेत्र में अपराधियों की इस कथित दबंगई ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बदमाशों के सामने पुलिस बेबस या फरियादी की सुनवाई बंद?
घायल विवेक का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर गोरखपुर थाने पहुंचा तो उसकी बात गंभीरता से सुनने के बजाय पुलिसकर्मी मामले को पुराना आपसी विवाद बताने लगे। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने पहले ही थाने पहुंचकर पुलिस से संपर्क कर लिया था। इसके बाद दोनों पक्षों पर काउंटर मामला दर्ज करने की बात कही जाने लगी। सवाल यह है कि अपहरण और मारपीट की शिकायत की निष्पक्ष जांच करने के बजाय पीड़ित को ही काउंटर केस का डर क्यों दिखाया गया?
थाने में घायल परेशान, पुलिसकर्मियों को गश्त की चिंता!
इस पूरे मामले का वीडियो सामने आने के बाद गोरखपुर थाना पुलिस की कार्यशैली पर और गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घायल पक्ष का आरोप है कि वह करीब एक घंटे तक थाने में बैठकर मेडिकल और शिकायत दर्ज कराने के लिए परेशान होता रहा। वीडियो में महिला पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी और नाइट गश्त का हवाला देती सुनाई दे रही हैं। आखिर एक घायल फरियादी की सुनवाई के लिए पुलिस के पास समय क्यों नहीं था?
गोरखपुर थाना प्रभारी की जवाबदेही कहां?
क्षेत्र में अपराधियों की कथित बढ़ती दबंगई और थाने में फरियादियों की परेशानी पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाती है। थाना प्रभारी की जिम्मेदारी है कि उनके क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण रहे और थाने पहुंचने वाले पीड़ितों को सम्मानपूर्वक न्याय मिले। यदि पुलिस थाने में ही फरियादी की सुनवाई नहीं हो रही तो फिर थाना प्रभारी की जवाबदेही किसके सामने तय होगी?
एसपी साहब! गोरखपुर थाने की कार्यप्रणाली की जांच कब?
अब पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से मांग है कि घायल विवेक के आरोपों, सामने आए वीडियो और गोरखपुर थाने में हुई पूरी बातचीत की निष्पक्ष जांच कराई जाए। थाना प्रभारी की भूमिका की समीक्षा हो और यदि पुलिसकर्मियों की लापरवाही या अनुचित व्यवहार प्रमाणित होता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही अपहरण और मारपीट के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो।
बड़ा सवाल यह है कि गोरखपुर थाना क्षेत्र में अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने के आरोपों में घिरे हैं और पीड़ित न्याय के लिए थाने में भटक रहा है। आखिर गोरखपुर पुलिस अपराधियों पर सख्ती कब दिखाएगी? जनता को सुरक्षा चाहिए, बहाने नहीं और पीड़ित को न्याय चाहिए, इंतजार नहीं!



