Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

15 लाख के गांजे पर भेड़ाघाट पुलिस की बड़ी कार्यवाही! लावारिस स्कॉर्पियो से 136 किलो से अधिक गांजा बरामद,

जबलपुर। नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ भेड़ाघाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी की एक बड़ी खेप पकड़ी है। चौकीताल लम्हेटा मोड़ के पास नहर किनारे लावारिस हालत में खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो की तलाशी में 136.84 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। वाहन पर आगे और पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस: 17 नवंबर 2026 को भेड़ाघाट पुलिस को संदिग्ध स्कॉर्पियो खड़ी होने की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वाहन की खिड़की का कांच टूटा हुआ था और पीछे का टायर भी फटा मिला। जब पुलिस ने डिग्गी खोली तो अंदर खाकी टेप से लिपटे 12 पैकेट मिले। जांच और तौल में कुल 136.84 किलो गांजा पाया गया।

थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के मार्गदर्शन में कार्रवाई: थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश चौरिया के मार्गदर्शन में पुलिस ने गांजे और स्कॉर्पियो को जब्त कर एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका: कार्रवाई में उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, सहायक उप निरीक्षक तेजराम सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश धुर्वे, प्रधान आरक्षक हरिश डेहरिया, आरक्षक संतोष जाट, आरक्षक हरि सिंह राजपूत और आरक्षक अंकित मेहरा शामिल रहे।

भेड़ाघाट पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता है। अब पुलिस की अगली चुनौती इस खेप के पीछे छिपे तस्करों तक पहुंचना और पूरे नेटवर्क का पता लगाना है।

Related Articles