जबलपुर में खूनी खेल! 17 वर्षीय तनवीर की चाकुओं से गोदकर हत्या, 6-7 हमलावरों ने किया हमला

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में चाकूबाजी और हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर बदमाशों ने खूनी वारदात को अंजाम देते हुए महज 17 साल के एक किशोर की जिंदगी छीन ली। हनुमानताल थाना क्षेत्र के चार खंभा इलाके में 6 से 7 बदमाशों ने मोहम्मद तनवीर अली पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल तनवीर जिंदगी और मौत के बीच जंग हार गया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने तनवीर को निशाना बनाते हुए उस पर चाकू से हमला किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल तनवीर को तत्काल जिला विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन मेडिकल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र महज 17 वर्ष बताई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर जबलपुर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर शहर में चाकू लेकर घूम रहे बदमाशों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं? 6 से 7 हमलावर एक किशोर पर जानलेवा हमला कर देते हैं और वारदात के बाद फरार हो जाते हैं। आखिर अपराधियों के मन में कानून का कितना डर बचा है?
घटना की जानकारी मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही वारदात के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
लेकिन सवाल सिर्फ एक हत्याकांड का नहीं, बल्कि शहर में लगातार बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं का है। आखिर कब तक परिवार अपने बच्चों को सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद में इंतजार करते रहेंगे? अब जरूरत सिर्फ घटना के बाद कार्रवाई की नहीं, बल्कि अपराधियों पर पहले से प्रभावी अंकुश लगाने की भी है।



