जबलपुर में हत्या के बाद गोरखपुर में फिर चाकूबाजी! 7 बदमाशों ने ऑटो चालक पर किया जानलेवा हमला

जबलपुर। जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार सवालों के घेरे में हैं। हत्या की वारदात के बाद अब मंडावा बस्ती शिवाजी नगर में चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र के सामने 6 से 7 बदमाशों ने एक ऑटो चालक को घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक पर 6 से 7 बार चाकू से वार किए गए और हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
घायल युवक अमीन अंसारी के मुताबिक, वह अपने ऑटो में काम करवा रहा था। इसी दौरान कद्दू खान और हरिओम अपने 6 से 7 अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने पीछे से हमला कर दिया और चाकुओं से गोदकर अमीन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल गोरखपुर थाना पुलिस की सक्रियता को लेकर खड़ा हो रहा है। आखिर क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आने के बावजूद बदमाशों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं? हत्या के बाद चाकूबाजी और अब खुलेआम हथियार लेकर घूमते बदमाशों की वारदातें पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि 6 से 7 लोगों की टोली एक युवक पर चाकुओं से हमला कर देती है और वारदात के बाद फरार हो जाती है। ऐसे में क्षेत्र के आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेंगे? क्या पुलिस की कार्रवाई केवल घटना के बाद मामला दर्ज करने और आरोपियों की तलाश तक सीमित रह जाएगी, या अपराध होने से पहले भी बदमाशों पर कोई प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा?
घायल की शिकायत पर गोरखपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। लेकिन अब जनता को सिर्फ कार्रवाई के आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस नतीजे चाहिए। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी गोरखपुर क्षेत्र में बढ़ती चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों की समीक्षा करनी चाहिए।



