जबलपुर में भाई के जेल जाने के बाद क्षेत्र में गुंडाराज कायम करने निकला लखन,थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी का बड़ा एक्शन, सड़क पर घुटनों के बल खड़े होकर मांगी माफी! अपराधियों ने खाई दोबारा अपराध न करने की कसम
भाई के जेल जाने के बाद क्षेत्र में गुंडाराज कायम करने निकला लखन चौधरी! रांझी पुलिस ने चार बदमाशों को दबोचा, सड़क पर निकाला जुलूस

जबलपुर। अपराध की दुनिया में दबदबा कायम करने की चाहत जब सिर चढ़कर बोलने लगे, तो उसका अंजाम आखिरकार सलाखों के पीछे ही पहुंचता है। रांझी थाना क्षेत्र में सामने आया लूट का मामला भी कुछ ऐसी ही कहानी बयां कर रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी लखन चौधरी के भाई को पहले ही पुलिस जेल भेज चुकी थी। इसके बाद क्षेत्र में अपने भाई का कथित गुंडाराज और दबदबा कायम रखने की कोशिश में लखन ने अपने साथियों के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई ने इस कथित दबंगई पर शिकंजा कस दिया।
भाई जेल पहुंचा तो खुद दबदबा कायम करने की कोशिश!
पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, लखन चौधरी और उसके साथियों पर क्षेत्र में अपनी धाक जमाने तथा आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप हैं। आरोप है कि क्षेत्र में लोगों के बीच डर और दबदबा बनाए रखने की मंशा से ये युवक वारदातों में शामिल हुए। सवाल यह है कि आखिर अपराध के रास्ते पर चलकर कौन-सा साम्राज्य खड़ा किया जा सकता है? किसी परिवार के एक सदस्य के जेल जाने के बाद दूसरे सदस्य का उसी रास्ते पर चलना पूरे परिवार के भविष्य को अंधकार में धकेल सकता है।
रात दो बजे राहगीर को बनाया निशाना, मोबाइल छीनकर भागे!
3 और 4 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात करीब दो बजे दर्शन सिंह तिराहा और मैसेज गेट के बीच फरियादी प्रदीप पांडे का मोबाइल चार युवकों ने झपट्टा मारकर छीन लिया। इस घटना के बाद रांझी थाने में अपराध क्रमांक 879/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।
लखन चौधरी सहित चार आरोपी गिरफ्तार, सुअरमार बम भी बरामद!
लखन चौधरी, सौरभ चौधरी, रिकी एंथोनी और शिव सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल और एक्सेस स्कूटी बरामद की गई। इसके अलावा लखन चौधरी के कब्जे से एक जिंदा सुअरमार बम भी मिला। वह विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के एक अन्य मामले में भी वांछित बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उस मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी का एक्शन, बदमाशों का निकाला जुलूस!
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में रांझी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सड़क पर जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों को घुटनों के बल बैठाकर भविष्य में अपराध नहीं करने की कसम खिलाई गई। पुलिस की इस कार्रवाई ने क्षेत्र में चर्चा पैदा कर दी है।
उमेश गोल्हानी की टीम ने खोली बदमाशों की पोल!
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रविंद्र डूडवा, मदनलाल मरावी, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम अहिरवार, चंद्रभान, अंबिका पांडे, योगेंद्र तथा आरक्षक अभिषेक और चेतेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आखिरी सवाल उन लोगों से है जो अपराध को अपनी पहचान और गुंडागर्दी को अपनी ताकत समझते हैं। क्षेत्र में दबदबा बनाने के लिए किसी निर्दोष राहगीर को निशाना बनाना आखिर कैसी बहादुरी है? रांझी पुलिस की कार्रवाई ने बता दिया है कि सड़क पर आम जनता को डराने वाले आखिरकार कानून के सामने जवाबदेह होंगे।
सुनील सेन | SET NEWS जबलपुर