Court / Notice / OrdesCrime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

कटनी में 12 करोड़ की सनसनीखेज चोरी! किसना ज्वेलर्स में फिल्मी अंदाज में सेंधमारी, पहाड़ी के रास्ते दीवार तोड़कर करोड़ों के जेवर ले उड़े बदमाश

जबलपुर: कटनी। रात का सन्नाटा, बंद ज्वेलरी शोरूम, बाहर तैनात सुरक्षा गार्ड और पीछे पहाड़ी का रास्ता… बदमाशों ने ऐसी साजिश रची कि किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब शोरूम का ताला खुला तो अंदर का नजारा देखकर संचालकों के होश उड़ गए। सोना, चांदी और हीरे के करोड़ों के आभूषण गायब थे। कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज चोरी ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पहाड़ी के रास्ते पहुंचे बदमाश, दीवार में किया बड़ा छेद!
बरगवां मुख्य मार्ग स्थित किसना ज्वेलर्स शोरूम को बदमाशों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि रात में शोरूम बंद होने के बाद बाहर गार्ड तैनात थे। इसी दौरान बदमाश शोरूम के पीछे मौजूद पहाड़ी और खुली खदान की ओर से पहुंचे। सुबह करीब 4 बजे दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और शोरूम में रखे सोने, चांदी और डायमंड के आभूषण समेटकर फरार हो गए।

सिलेंडर और कटर छोड़ गए बदमाश, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल!
वारदात के बाद पीछे पहाड़ी की ओर सिलेंडर, कटर और सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बाहर गार्ड तैनात होने के बावजूद इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई? बदमाशों ने कितनी देर तक शोरूम के अंदर रहकर वारदात को अंजाम दिया और किसी को भनक तक क्यों नहीं लगी? इन सवालों के जवाब अब पुलिस की जांच में सामने आएंगे।

एसपी अभिनव विश्वकर्मा मैदान में, कई थानों की पुलिस जांच में जुटी,
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा और एडिशनल एसपी कमल मौर्य सहित माधवनगर, कुठला, कोतवाली और रंगनाथ नगर थाना प्रभारियों को जांच में लगाया गया। पुलिस लाइन के अधिकारी और साइबर सेल की टीम भी सक्रिय हैं। खोजी श्वान दल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

12 करोड़ की चोरी, बदमाशों तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती!
पुलिस अब शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाश किस रास्ते से आए, चोरी के बाद किस दिशा में भागे और इस वारदात में कितने लोग शामिल थे, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

कटनी की इस वारदात ने ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों का कारोबार, बाहर सुरक्षा गार्ड और फिर भी दीवार तोड़कर इतनी बड़ी चोरी! अब पूरे शहर की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि 12 करोड़ के जेवर लेकर फरार हुए बदमाश आखिर कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे?

सुनील सेन | SET NEWS जबलपुर

Related Articles