जबलपुर नगर निगम के सामने भीषण सड़क हादसा, नशे में धुत चालक ने खड़ी कार को मारी टक्कर, फिर एक के बाद एक भिड़ीं गाड़ियां

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में ओमती थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम गेट के सामने तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। यहां तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसके बाद पीछे से आ रही अन्य कारें भी एक-दूसरे से टकराती चली गईं। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर कार का चालक कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में पहुंची कार ने सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद एक के बाद एक कई वाहन आपस में भिड़ गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू कराने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जानकारी जुटाई और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि चालक वास्तव में शराब के नशे में था, तो क्या उसने अपनी लापरवाही से कई लोगों की जान जोखिम में नहीं डाल दी? शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह तेज रफ्तार और कथित नशे में वाहन चलाना किसी बड़े हादसे को न्योता देने से कम नहीं है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और चालक के नशे में होने की पुष्टि हो सकेगी।



