बदमाशों पर भारी पुलिस!…गंभीर अपराधों में गिरावट, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में तेजी,नशे के खिलाफ जागरूकता से लेकर कानफोड़ डीजे पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, बलात्कार-पॉक्सो में 32 और हत्या के प्रयास में 16 प्रतिशत कमी, जिला बदर और एनएसए की कार्रवाई ने बढ़ाया बदमाशों में कानून का खौफ

जबलपुर। अपराधियों के हौसले तोड़ना और आम नागरिक के मन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जब अपराध करने से पहले बदमाशों को कानून की कार्रवाई का डर सताने लगे और महिलाओं से लेकर बच्चों तक की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता जमीन पर दिखाई दे, तब कानून व्यवस्था की मजबूती का एहसास होता है। जबलपुर में पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण की रणनीति अब केवल वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध की आशंका को खत्म करने, असामाजिक तत्वों की घेराबंदी और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसका असर गंभीर अपराधों के तुलनात्मक आंकड़ों और पुलिस की बढ़ती प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में दिखाई दे रहा है।
महिलाओं-बच्चों से जुड़े अपराधों में गिरावट-
30 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में बलात्कार एवं पॉक्सो एक्ट के प्रकरणों में 32 प्रतिशत की कमी आई है। पिछले वर्ष इस अवधि में 143 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस वर्ष संख्या घटकर 97 रह गई। छेड़छाड़ एवं पॉक्सो से जुड़े मामले भी 182 से घटकर 168 हुए हैं। इसी तरह हत्या के प्रयास के प्रकरण 155 से घटकर 130 रह गए, जो 16 प्रतिशत की गिरावट दर्शाते हैं। चोरी के मामले भी 200 से घटकर 195 हुए, जबकि धारा 327 भादवि एवं 119(1) बीएनएस के तहत दर्ज प्रकरण 641 से घटकर 581 रह गए।
जिला बदर-एनएसए से बदमाशों की घेराबंदी-
पुलिस की रणनीति का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई है। आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई 5092 से बढ़कर 5429 हो गई। धारा 110 जाफौ./129 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई 3900 से बढ़कर 4047 पहुंच गई। आदतन और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई 238 से बढ़ाकर 260 की गई। वहीं राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई में 46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। पिछले वर्ष 13 के मुकाबले इस वर्ष 19 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। पुलिस का मकसद साफ है कि जो तत्व शहर की शांति भंग करने की कोशिश करें, उन्हें समय रहते कानून की ताकत का एहसास कराया जाए।
नशे के खिलाफ मैदान में पुलिस-
अपराध नियंत्रण के साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने के लिए भी पुलिस ने जागरूकता की मुहिम को प्राथमिकता दी है। नशे के दुष्परिणामों से युवाओं और विद्यार्थियों को अवगत कराने, उन्हें नशे से दूरी बनाने के लिए प्रेरित करने तथा समाज को इस मुहिम से जोड़ने के प्रयास किए गए। पुलिस की यह पहल इस सोच को सामने लाती है कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करना जरूरी है, लेकिन युवाओं को अपराध और नशे की दुनिया में पहुंचने से रोकना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है।
नवरात्र में डीजे पर हुई सख्ती-
त्योहारों के दौरान धार्मिक आस्था और आम नागरिकों की सुविधा के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। नवरात्रि के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा और नियमों की अनदेखी कर कानफोड़ आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। पुलिस की इस सक्रियता ने स्पष्ट संदेश दिया कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में नियमों की अनदेखी और आम लोगों की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून सबके लिए समान है, चाहे मामला अपराधियों का हो या नियम तोड़ने वालों का।
कप्तान की रणनीति, थाना स्तर तक जवाबदेही-
अपराधों की नियमित समीक्षा, बदमाशों की निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को प्राथमिकता देकर जिलेभर में कानून व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राजपत्रित अधिकारियों से लेकर थाना प्रभारियों तक को अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश हैं। गंभीर अपराधों में गिरावट के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई ने पुलिस की कार्यप्रणाली के कई पहलुओं को सामने रखा है।
पुलिस कप्तान जबलपुर संपत उपाध्याय, कहना है-
जबलपुर पुलिस की प्राथमिकता अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना है। महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, आदतन अपराधियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। त्योहारों के दौरान भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के साथ सख्ती बरती जाए। हमारा उद्देश्य है कि अपराधियों में कानून का भय रहे और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें।