जबलपुर में कछपुरा ब्रिज पर मौत बनकर दौड़ी मेट्रो बस, मां की गई जान, बेटी-दामाद घायल
जबलपुर में कछपुरा ब्रिज पर मौत बनकर दौड़ी मेट्रो बस, मां की गई जान, बेटी-दामाद घायल

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कछपुरा ब्रिज के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार मेट्रो बस के चालक ने लापरवाहीपूर्वक यू-टर्न लेते हुए बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 42 वर्षीय कविता पटेल की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी और दामाद घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक यादव कॉलोनी निवासी कविता पटेल अपनी बेटी और दामाद के साथ बाइक से गढ़ा की ओर जा रही थीं। दोपहर करीब 2 बजे जब उनकी बाइक कछपुरा ब्रिज की ढाल से नीचे उतरी, तभी सामने से आ रही मेट्रो बस के चालक ने अचानक लापरवाही से यू-टर्न ले लिया। चालक की इस खतरनाक हरकत से बाइक सीधे बस की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल कविता पटेल ने इलाज मिलने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल बेटी और दामाद का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मेट्रो बस चालक ने रुकने की बजाय वाहन को तेजी से भगाते हुए मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना करने वाले मेट्रो वाहन का नंबर MP-20-PA-1271 है। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
मेट्रो बस चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी गई थी। हादसे में एक महिला की मृत्यु हुई है तथा दो लोग घायल हैं। आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश की जा रही है।”
कछपुरा ब्रिज पर हुआ यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर शहर में बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर रहा है। एक मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।



