Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में 24 घंटे में मौत के पांच दर्दनाक मामले: कहीं फांसी, कहीं बाढ़ का कहर, तो कहीं नदी, आग और फैक्ट्री हादसे ने छीनी जिंदगियां

24 घंटे में मौत के पांच दर्दनाक मामले: कहीं फांसी, कहीं बाढ़ का कहर, तो कहीं नदी, आग और फैक्ट्री हादसे ने छीनी जिंदगियां

 

जबलपुर। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पांच दर्दनाक मौतों की खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। बरगी में एक चौकीदार का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला, बेलखेड़ा में उफनते कटाव नाले में बोलेरो चालक की बहने से मौत हो गई, बरेला में नदी में डूबने से युवक की जान चली गई, संजीवनी नगर में आग से झुलसी वृद्ध महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि अधारताल में फैक्ट्री की लिफ्ट के नीचे दबकर महिला कर्मचारी की मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बरगी थाना क्षेत्र: जंगल में पेड़ से लटका मिला चौकीदार का शव
बरगी थाना पुलिस को 2 जुलाई को ग्राम घाट पिपरिया निवासी मनोज कुमार चड़ार (36 वर्ष) ने सूचना दी कि वह सुखसागर अस्पताल के सामने चाय का टपरा संचालित करता है। दोपहर में कुछ लोगों ने बताया कि सामने के जंगल में एक व्यक्ति पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान जावेंद्र सिंह के रूप में हुई, जो गुलबी प्लाट में चौकीदारी का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बेलखेड़ा थाना क्षेत्र: बाढ़ के तेज बहाव में बहा बोलेरो चालक
बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के बरमान कटाव पुलिया में 2 जुलाई को एक दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस को सूचना मिली कि कटाव नाले में बोलेरो वाहन चालक पानी के तेज बहाव में बह गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बोलेरो से एक शव बाहर निकलवाया। सदर कैंट निवासी श्रीकांत दुबे, जो बेलखेड़ा कलारी में मैनेजर हैं, ने बताया कि चालक रवि पिल्ले (52 वर्ष) सुबह बोलेरो क्रमांक एमपी-20-जेडजी-0435 से कलारी स्टाफ संदीप बंजारा, चंदन लोधी, मयंक और बंडू के साथ बरमान क्षेत्र में कार्रवाई के लिए गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे वापसी के दौरान कटाव नाले में आई बाढ़ के तेज बहाव में चालक रवि पिल्ले बह गए। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद उनका शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बरेला थाना क्षेत्र: भतीजी को बचाया, खुद नदी में डूब गया युवक
बरेला थाना क्षेत्र में गौर नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। ग्राम इंद्राना पिपरिया निवासी राजकुमार उइके ने पुलिस को बताया कि 2 जुलाई की दोपहर वह अपने छोटे भाई राजेश उइके (35 वर्ष) और बेटी रिया उइके के साथ गौर नदी में नहा रहे थे। नहाते समय राजेश अपनी भतीजी रिया को कंधे पर लेकर पानी में उतरे, लेकिन अचानक गहरे पानी में चले गए। दोनों डूबने लगे। राजकुमार ने किसी तरह अपनी बेटी रिया को बचा लिया, लेकिन राजेश गहरे पानी में लापता हो गए। 3 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे उनका शव नदी में उतराता मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है।

संजीवनी नगर थाना क्षेत्र: आग से झुलसी वृद्धा ने अस्पताल में तोड़ा दम
संजीवनी नगर थाना पुलिस को मोहनलाल हरगोविंद दास अस्पताल से सूचना मिली कि शील दबे (72 वर्ष) निवासी संजीवनी नगर को घर में आग से झुलसने के कारण 2 जुलाई की सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसी रात करीब 11 बजे उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।

अधारताल थाना क्षेत्र: फैक्ट्री में लिफ्ट के नीचे दबने से महिला की मौत
अधारताल थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में हुए हादसे में मालती केवट (48 वर्ष) निवासी जवाहर नगर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका के बेटे अनूप केवट (20 वर्ष) ने बताया कि उनकी मां रोज की तरह सुबह काम पर गई थीं। फैक्ट्री पहुंचने के कुछ ही देर बाद वहां काम करने वाली रीना केवट ने फोन कर सूचना दी कि लिफ्ट गिरने से मालती उसके नीचे दब गई हैं। मौके पर पहुंचने पर उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सभी मामलों की कर रही जांच,
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी घटनाओं में मर्ग कायम कर लिया गया है। प्रत्येक मामले में घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से फैक्ट्री हादसे और बरमान कटाव नाले की घटना में दुर्घटना के कारणों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button