Latest News

मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा पर बड़ा सवाल! पिता की तीमारदारी कर रही महिला से अस्पताल परिसर में दुष्कर्म, आरोपी फरार

जहां होना था इलाज और सुरक्षा का भरोसा, वहीं महिला बनी दरिंदगी का शिकार... मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल।"

संस्कारधानी जबलपुर से एक ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई है जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जहां एक ओर मेडिकल कॉलेज में मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर अस्पताल परिसर के भीतर ही एक महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पीड़िता अपने घायल पिता की देखभाल के लिए मेडिकल कॉलेज में रुकी हुई थी, लेकिन अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की कथित चूक के बीच वह दरिंदगी का शिकार हो गई। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पीड़िता के पिता हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका उपचार नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। पिता की देखभाल के लिए महिला अस्पताल परिसर में ही रह रही थी। इसी दौरान उसका पूर्व परिचित राहुल कसरा उसका पीछा करते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अस्पताल परिसर में महिला को अकेला देखकर उसे डराया-धमकाया और सुनसान पड़ी पल्मोनरी बिल्डिंग की ओर ले गया। जिस स्थान पर मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए थी, वहीं इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

पीड़िता के अनुसार जब उसने आरोपी का विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने धमकी और डर का माहौल बनाकर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद सदमे में आई पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई गई। इस घटना ने अस्पताल परिसर में मौजूद सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गढ़ा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी राहुल कसरा के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर मेडिकल कॉलेज जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले परिसर में आरोपी इतनी आसानी से कैसे पहुंच गया और सुनसान भवन तक महिला को ले जाकर वारदात को अंजाम देने में सफल कैसे हो गया। यदि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी होती तो शायद इस घटना को रोका जा सकता था।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन मेडिकल कॉलेज परिसर में हुई इस शर्मनाक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। अब सभी की निगाहें आरोपी की गिरफ्तारी और अस्पताल प्रशासन की जवाबदेही पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button