Latest News

रंजिश बनी खूनी वारदात की वजह, पाटन में दिनदहाड़े चली गोली, युवक लहूलुहान! पाटन में अपराधियों के हौसले बुलंद

पाटन में चली गोली, युवक गंभीर... बदमाश फरार, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में।

जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दिए हैं। ग्राम खमदेही में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। गोली युवक के पेट में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस वारदात ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और पाटन थाना पुलिस की सक्रियता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम खमदेही निवासी धर्मेंद्र रैकवार और रामनारायण पटेल के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश के कारण शनिवार सुबह विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि रामनारायण पटेल ने देसी कट्टे से धर्मेंद्र रैकवार पर फायर कर दिया। गोली सीधे धर्मेंद्र के पेट में जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल रवाना किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिस विवाद की जानकारी क्षेत्र में पहले से थी, उस पर पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया। अगर विवादित पक्षों की निगरानी की जाती और प्रभावी कार्रवाई होती तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और बदमाशों को कानून का कोई डर नहीं रह गया है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

वारदात के बाद आरोपी रामनारायण पटेल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने का दावा कर रही है, लेकिन घटना के कई घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर बताया जा रहा है।

फिलहाल घायल युवक मेडिकल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन खमदेही में दिनदहाड़े चली गोली ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं दिखाई दे रहा।

Related Articles

Back to top button