Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार! 4 हजार नशीले इंजेक्शन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर को नशामुक्त बनाने के अभियान में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट की है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के सख्त निर्देश पर क्राइम ब्रांच और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने नशीले इंजेक्शन के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कथित तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 34 हजार 300 रुपये कीमत के 4 हजार नशीले इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल फोर्ड फिगो कार जब्त की है।

भारत पेट्रोल पंप के पीछे चल रहा था नशे का सौदा!
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार में दो व्यक्ति भारत पेट्रोल पंप के पीछे, गोयल टीमटी गेट के सामने नशीले इंजेक्शन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। कार की तलाशी लेने पर चार पीले थैलों में बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन मिले।

दो हजार एविल और दो हजार बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद!
पुलिस ने मौके से जयंत राय, उम्र 36 वर्ष, निवासी तुलसी मोहल्ला, बाई का बगीचा बेलबाग और अमित पैगवार, उम्र 41 वर्ष, निवासी तुलसी मोहल्ला, बाई का बगीचा बेलबाग को गिरफ्तार किया। तलाशी में 2 हजार एविल और 2 हजार बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने इंजेक्शन प्रयागराज से लाकर जबलपुर में फुटकर बिक्री करने की बात स्वीकार की है।

जयंत राय पर 10 अपराध, पहले हो चुकी है एनएसए की कार्रवाई!
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जयंत राय के खिलाफ ड्रग एक्ट और मारपीट सहित 10 अपराध दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पहले एनएसए की कार्रवाई भी की जा चुकी है। वहीं अमित पैगवार के खिलाफ ड्रग एक्ट सहित दो अपराध दर्ज बताए गए हैं।

एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर संयुक्त कार्रवाई!
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देशन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, एएसपी जोन-4 अंजना तिवारी, सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी और डीएसपी क्राइम उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में टीम ने आरोपियों को पकड़ा। थाना प्रभारी कोतवाली मानस द्विवेदी, क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर विवेचना शुरू कर दी है। अब जांच का अगला सवाल है कि प्रयागराज से जबलपुर तक इस सप्लाई नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को साफ संदेश गया है कि पुलिस ऐसे नेटवर्क पर लगातार नजर रखे हुए है।

SET NEWS | जबलपुर

Related Articles