जबलपुर में कैशियर का बड़ा खेल बेनकाब! मालिक के परिवार के चेक से उड़ाए 7.50 लाख, मदनमहल पुलिस ने घर से बरामद की पूरी रकम!

जबलपुर। जिस कर्मचारी पर फर्म के आर्थिक लेन-देन का भरोसा था, उसी पर मालिक के परिवार की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने का आरोप लगा। विक्रांत ग्रुप में करीब 10 महीने से कैशियर की जिम्मेदारी संभाल रही 24 वर्षीय खुशबू चौधरी कथित तौर पर हस्ताक्षरित चेक का इस्तेमाल कर अलग-अलग बैंक खातों से 7 लाख 50 हजार रुपये निकालती रही। लेकिन बैंक से आए एक फोन ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया। शिकायत मिलते ही मदनमहल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर पूरी रकम बरामद कर ली।
भरोसे की आड़ में बैंक खातों पर वार,
फर्म संचालक विकास नेमा ने पुलिस को बताया कि कैशियर खुशबू चौधरी के पास उनके और परिवार के अन्य सदस्यों के हस्ताक्षरित चेक रखे रहते थे। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर उसने चेक में रकम भरकर अलग-अलग बैंक शाखाओं से पैसे निकलवाए। बैंक से चेक की पुष्टि के लिए फोन आने पर मामला सामने आया।
चार खातों से निकाली 7.50 लाख की रकम,
पुलिस के मुताबिक पंजाब नेशनल बैंक की विजयनगर और अधारताल शाखा तथा बैंक ऑफ बड़ौदा राइट टाउन शाखा से परिवार के सदस्यों के खातों के चेक के जरिए कुल 7 लाख 50 हजार रुपये निकाले गए। शिकायत के अनुसार भाभी, भाई, पत्नी और बेटे के खातों से रकम निकाली गई थी।
SP संपत उपाध्याय के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई,
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज एवं सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश यादव ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने खुशबू चौधरी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर घर में रखे पूरे 7 लाख 50 हजार रुपये जब्त कर लिए गए।
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पहुंची जेल,
मदनमहल पुलिस ने आरोपी खुशबू चौधरी के खिलाफ धारा 316(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश यादव, एएसआई हल्के राम भलावी, राजेश मिश्रा, महिला आरक्षक मंजरी, क्षमा विश्वकर्मा तथा आरक्षक बालाराम और सुधीर की सराहनीय भूमिका रही।



