पूर्व ASP दीपक मिश्रा पर महिला के गंभीर आरोप, चोरी के सबूत मिटाने और 376 में फंसाने का दबाव बनाने का दावा!

जबलपुर। सिवनी जिले में न्याय की गुहार लगाने वाली एक महिला ने पूर्व एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा पर ऐसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिन्होंने पुलिस व्यवस्था और उसकी कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला का आरोप है कि उसके घर में हुई चोरी की घटना के महत्वपूर्ण सबूत उसके पास मौजूद थे, लेकिन उन सबूतों को मिटाने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, महिला ने आरोप लगाया कि उसका मोबाइल भी चोरी हो गया, जिसमें घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद थे। महिला ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे पूर्व एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा की भूमिका होने का दावा किया है।
चोरी के सबूतों से लेकर मोबाइल गायब होने तक, महिला ने उठाए सवाल!
महिला का कहना है कि उसके घर में हुई चोरी के मामले में उसके पास महत्वपूर्ण सबूत थे। लेकिन आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उन सबूतों को सुरक्षित रखने के बजाय उन्हें खत्म कर दिया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका मोबाइल गायब हो गया, जिससे मामले से जुड़े अहम साक्ष्य उसके हाथ से निकल गए। अब सवाल यह है कि महिला के आरोपों की निष्पक्ष जांच कौन करेगा और गायब मोबाइल तथा कथित सबूतों का सच सामने कब आएगा?
376 की शिकायतों को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप!
महिला ने आरोप लगाया कि पूर्व एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा के दबाव में वकील के माध्यम से आवेदन तैयार करवाए गए और थाने में देकर कई युवकों के खिलाफ दुष्कर्म यानी धारा 376 के तहत शिकायतें करवाने की कोशिश की गई। महिला का दावा है कि उसके आवेदन के आधार पर कई लोगों को झूठे मामलों में फंसाने का माहौल बनाया गया और इस पूरे घटनाक्रम में युवकों से पैसे भी वसूले गए। इन आरोपों की पुष्टि और संबंधित शिकायतों के रिकॉर्ड की जांच होना बेहद जरूरी है।
महिला पर दबाव बनाने और बंगले पर बुलाने का आरोप!
महिला ने पूर्व एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा पर आरोप लगाया कि वह लगातार उस पर दबाव बनाते थे। महिला ने सवाल उठाया कि आखिर उसे अपने बंगले पर बुलाने की जरूरत क्यों पड़ रही थी? महिला का दावा है कि जब उसने कथित प्रताड़ना के खिलाफ आवाज उठाई और न्याय की मांग की, तो उसे धमकियों तथा झूठे मामलों में फंसाने का डर दिखाया गया।
छह महीने तक प्रताड़ना झेलने का दावा, अब कार्रवाई की मांग!
महिला का कहना है कि पिछले छह महीनों तक उसे मानसिक दबाव, धमकियों और झूठे प्रकरणों में फंसाए जाने के डर के बीच जिंदगी गुजारनी पड़ी। महिला ने कहा कि उसने महीनों पहले जिन लोगों के नाम लिए थे, आज उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई होने से उसे सत्य की जीत का भरोसा मिला है। उसने अपने प्रभु लक्ष्मी नारायण का आभार जताते हुए न्याय मिलने की बात कही।
अब सबसे बड़ा सवाल पुलिस की निष्पक्षता पर!
महिला के आरोप बेहद गंभीर हैं। यदि चोरी के सबूतों से छेड़छाड़ हुई, मोबाइल गायब किया गया और युवकों को झूठे 376 के मामलों में फंसाने के लिए दबाव बनाया गया, तो यह पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच का विषय है। आखिर शिकायतों के आवेदन किसने तैयार किए? किसके निर्देश पर थाने में शिकायतें दी गईं? कथित पैसों के लेनदेन की सच्चाई क्या है? और महिला के घर में हुई चोरी के सबूत कहां गए?
अब जरूरत है कि इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच हो, महिला के पास मौजूद साक्ष्यों की पड़ताल की जाए और यदि किसी अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग किया है तो उसके खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई हो। क्योंकि वर्दी की जिम्मेदारी न्याय दिलाना है, किसी को डराने या दबाव में रखने का अधिकार देना नहीं।



